उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक निर्माणाधीन गोदाम का लेंटर गिरने से पांच मजदूर मलबे में दब गए. इनमें से तीन को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है. दो अन्य मजदूरों की तलाश जारी है. हादसा साहिबाबाद थाना क्षेत्र के शहीद नगर इलाके में हुआ. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
जानकारी के मुताबिक, शहीद नगर में करीब 200 गज में गोदाम बनाया जा रहा था. इसकी ऊंचाई करीब 25 फुट बताई गई है. निर्माण के दौरान गोदाम का लेंटर गिर गया. उस वक्त वहां मजदूर मौजूद थे, जो मलबे में दब गए. हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने राहत और बचाव का काम शुरू किया. अब तक तीन मजदूरों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा जा चुका है. बाकी दो मजदूरों की तलाश की जा रही है.
दो मजदूरों की तलाश जारी
इस हादसे में कुल पांच मजदूरों के दबने की सूचना है. तीन मजदूरों को बाहर निकालने के बाद अब बचाव दल का ध्यान बाकी दो लोगों को सुरक्षित निकालने पर है. स्थानीय पुलिस मौके पर मौजूद है.
फिलहाल, हादसा कैसे हुआ और लेंटर गिरने की वजह क्या थी, इसकी जानकारी नहीं है. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.