scorecardresearch
 

गाजियाबाद में तोड़ी गई मजार! मलबा तक उठा ले गए साथ, पुलिस ने दर्ज की FIR

गाजियाबाद के कोतवाली क्षेत्र स्थित नवयुग मार्केट, बिहारी नगर में मजार तोड़े जाने का वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया. वीडियो में कुछ युवक हथौड़े से ढांचा गिराते और मलबा साथ ले जाते दिखे. पुलिस ने आदर्श दुबे व एक अज्ञात के खिलाफ BNS की धारा 298 और 324/4 में FIR दर्ज की है. प्रशासन ने जांच शुरू कर शांति बनाए रखने की अपील की है.

Advertisement
X
गाजियाबाद में मजार तोड़ने का दावा किया जा रहा है  (Photo: Screengrab)
गाजियाबाद में मजार तोड़ने का दावा किया जा रहा है (Photo: Screengrab)

सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे एक वीडियो ने गाजियाबाद में हलचल मचा दी है. वीडियो में कुछ युवक हथौड़ों से एक मजार को तोड़ते दिखाई दे रहे हैं. फुटेज के सामने आते ही स्थानीय प्रशासन को भी सक्रिय होना पड़ा और इस मामले में FIR दर्ज की है. 

यह घटना गाजिाबाद के कोतवाली क्षेत्र स्थित नवयुग मार्केट, बिहारी नगर इलाके की बताई जा रही है. वीडियो में नजर आ रहे लोग खुद को एक हिंदू संगठन से जुड़ा बता रहे हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मजार तोड़ने के बाद वे केवल वहीं नहीं रुके, बल्कि टूटे हुए हिस्सों और मलबे को भी समेटकर अपने साथ ले गए. 

वीडियो में  दावा किया गया है कि जिस स्थान पर यह मजार बनी थी, वह सड़क के बीच या किनारे स्थित थी, जिससे आने-जाने में परेशानी होती थी. इसी मुद्दे को आधार बनाकर कथित रूप से कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और मौके पर पहुंचकर ढांचा तोड़ दिया. वीडियो में साफ दिखाई देता है कि हथौड़ों से लगातार वार किए जा रहे हैं और कुछ ही देर में ढांचा जमीन पर गिर जाता है. इसके बाद लोग आसपास बिखरे मलबे को भी हटाते नजर आते हैं.

Advertisement

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना करीब दस दिन पुरानी बताई जा रही है. उस समय मामला ज्यादा चर्चा में नहीं आया, लेकिन हाल ही में वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लिया. सोशल मीडिया पर वीडियो फैलते ही तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं. कुछ लोग इसे अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई बता रहे हैं, जबकि अन्य इसे संवेदनशील धार्मिक मामला मानते हुए सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. प्रशासन का कहना है कि वीडियो की सत्यता और घटनाक्रम की पूरी जांच की जा रही है.

FIR दर्ज, दो के खिलाफ मामला

वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान आदर्श दुबे के रूप में की गई है. उनके साथ एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 और 324/4 के तहत एफआईआर दर्ज की है. चौकी प्रभारी अंकित राठौर ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए यह कार्रवाई कराई. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement