उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के बाहर एक युवती का शव खेतों में मिलने से सनसनी फैल गई. युवती ने इससे पहले दुष्कर्म का केस दर्ज करा रखा था और कोर्ट में बयान भी होना था. लेकिन इससे पहले ही उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई. युवती के गले और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है. पुलिस ने दुष्कर्म आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
आपको बता थाना क्षेत्र केवगांव निवासी युवती का शव गांव से करीब एक किमी दूर एक चने के खेत में पड़ा मिला. परिजनों के मुताबिक रविवार की रात करीब 12 बजे वह लोग सो. इसी दौरान बेटी घर से निकल गई. खोजबीन के बाद रात करीब ढाई बजे वह अचेत अवस्था में खेत में मिली. चेहरे व गले पर काले चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. मां ने गांव के सुनील यादव पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने आरोप लगाया. बताया कि इस संबंध में 26 फरवरी को मुकदमा दर्ज कराया गया था. सीओ ब्रजमोहन ने बताया कि मामले के खुलासे के लिये टीमें गठित की गई हैं.
युवती ने बीते 25 फरवरी को रेलवे ट्रैक में जान देने की कोशिश की थी. तब आरपीएफ जवानों ने युवती को देख बचा लिया था. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. युवती ने सुनील यादव पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था. जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था. आरोपी को पुलिस ने पूछताछ के लिये हिरासत में ले रखा था. इसी बीच सोमवार को युवती का शव मिलने से मामला पेचीदा हो गया.