scorecardresearch
 

बुलंदशहर में ईद नमाज के दौरान विवाद, पूर्व विधायक और पुलिस में नोकझोंक, CO ने हाथ जोड़कर स्थिति को संभाला

बुलंदशहर के जहांगीराबाद में ईद की नमाज के दौरान ईदगाह के बाहर पुलिस और नमाजियों के बीच विवाद हो गया. इस दौरान सपा के पूर्व विधायक होशियार सिंह, जिला पंचायत सदस्य और सीओ अनूपशहर विकास चौहान के बीच नोकझोंक हुई. मामला बढ़ने पर सीओ ने हाथ जोड़कर मामले को शांत कराया.

Advertisement
X
पूर्व विधायक होशियार सिंह और सीओ में नोकझोंक. (Photo: Screengrab)
पूर्व विधायक होशियार सिंह और सीओ में नोकझोंक. (Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद में ईद की नमाज के दौरान उस समय माहौल गर्म हो गया जब ईदगाह के बाहर पुलिस और नमाजियों के बीच विवाद की स्थिति बन गई. इस दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक होशियार सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुनील चरोरा और सीओ अनूपशहर विकास चौहान के बीच जमकर नोकझोंक हुई. जानकारी के मुताबिक ईद की नमाज सुबह करीब 7 बजे के आसपास अदा की जानी थी.

इसी दौरान साढ़े 7  बजे तक बड़ी संख्या में लोग ईदगाह की तरफ जा रहे थे. लेकिन इसी बीच ईदगाह के बाहर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाए जाने को लेकर विवाद शुरू हो गया. कुछ नमाजियों ने आरोप लगाया कि उन्हें ईदगाह में जाने से रोका जा रहा है. इसके बाद पूर्व विधायक होशियार सिंह और जिला पंचायत सदस्य मौके पर पहुंचे और सीओ से बातचीत शुरू की. बातचीत धीरे धीरे नोकझोंक में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच माहौल तनावपूर्ण हो गया.

बैरिकेडिंग और रास्ता रोकने पर बढ़ा तनाव

इस दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी नमाजियों को आगे जाने का इशारा किया, जिसके बाद लोग ईदगाह की ओर बढ़ गए. मौके पर मौजूद लोगों के बीच हंगामा भी देखने को मिला. पूर्व विधायक होशियार सिंह ने आरोप लगाया कि सीओ द्वारा मनमानी की जा रही थी और लोगों को नमाज पढ़ने से रोका जा रहा था. उन्होंने कहा कि पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर लोगों को रोका, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई.

Advertisement

वहीं सीओ अनूपशहर विकास चौहान ने कहा कि साढ़े सात बजे ईदगाह पूरी तरह भर चुकी थी. उन्होंने बताया कि इस दौरान पूर्व विधायक और उनके समर्थक बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे. साथ ही उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए उन्होंने विनम्रता से समझाया और लोगों को आगे दूसरी मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए भेजा गया.

सीओ ने यह भी कहा कि पूर्व विधायक लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहे थे और माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही थी. दूसरी तरफ जिला पंचायत सदस्य सुनील चरोरा ने कहा कि सात बजकर 25 मिनट पर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगा दी गई थी और नमाजियों को ईदगाह जाने से रोक दिया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में स्थिति समझाने के बाद लोगों को आगे जाने दिया गया.

नमाजियों को दूसरी मस्जिद की तरफ भेजा गया

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण रहा. हालांकि बाद में सीओ विकास चौहान ने लोगों से हाथ जोड़कर विवाद को शांत करने की अपील की, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई. इस घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें मौके पर बहस और भीड़ की स्थिति देखी जा सकती है. फिलहाल प्रशासन की तरफ से स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement