scorecardresearch
 

देवरिया में खाकी बेबस! दारोगा का कॉलर पकड़ा, सिपाही को जड़ा थप्पड़, दबंग परिवार ने पुलिस को खदेड़ा

उत्तर प्रदेश के देवरिया में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली तस्वीर सामने आई है. ग्राम सभा की जमीन पर मिट्टी काटने से मना करने पर एक दबंग और उसके परिवार ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया. दारोगा का कॉलर पकड़ने और सिपाही को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Advertisement
X
देवरिया में पुलिस से भिड़ा दबंग (Photo- Screengrab)
देवरिया में पुलिस से भिड़ा दबंग (Photo- Screengrab)

UP News: देवरिया जिले के मईल थाना क्षेत्र स्थित चकरा गोसाईं गांव में दबंग दीनानाथ तिवारी और उसके परिवार ने पुलिस चौकी इंचार्ज सुनील कुमार कुशवाहा की टीम पर हमला कर दिया. सोमवार को यह घटना उस समय हुई जब पुलिस ग्राम प्रधान की शिकायत पर पंचायत भवन की बाउंड्री वॉल के पास अवैध मिट्टी कटान रोकने पहुंची थी. आरोपी ने चौकी इंचार्ज का कॉलर पकड़ा, सिपाही को थप्पड़ मारा और ईंट उठाकर पुलिसकर्मियों पर हमला करने का प्रयास किया. पुलिस को बैकफुट पर धकेलते हुए पूरे परिवार ने पत्थरबाजी की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस टीम को मौके से वापस लौटना पड़ा.

पंचायत भवन की जमीन पर कब्जा और बवाल

चकरा गोसाईं पुलिस चौकी पुराने पंचायत भवन परिसर में संचालित होती है. इसके बगल में स्थित जमीन के मालिक दीनानाथ तिवारी पर आरोप है कि उसने पंचायत भवन की बाउंड्री से सटाकर मिट्टी काट दी, जिससे दीवार ढह गई. 

जब ग्राम प्रधान पति गणेश गिरी की सूचना पर चौकी इंचार्ज सुनील कुमार कुशवाहा सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और काम रोकने को कहा, तो आरोपी उग्र हो गया. उसने न सिर्फ गाली-गलौज की बल्कि वर्दी पर हाथ डालकर पुलिस के इकबाल को चुनौती दी.

बैकफुट पर पुलिस, आरोपी अब भी फरार

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी बेहद बेबस नजर आ रहे हैं. आरोपी और उसका परिवार पुलिस पर इस कदर हावी हुआ कि महिला सिपाहियों को भी मौके पर बुलाना पड़ा, लेकिन बवाल थमा नहीं. 

Advertisement

पत्थरबाजी और ईंटों से हमले की धमकी के कारण पुलिस टीम को पीछे हटना पड़ा. इस घटना से जिले में पुलिस की काफी किरकिरी हो रही है. वीडियो में सुनाई दे रही गालियां और दबंगई ने शासन-प्रशासन के दावों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं.

केस दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

इस सनसनीखेज मामले में मईल थाना पुलिस ने ग्राम प्रधान पति गणेश गिरी की तहरीर पर कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने दीनानाथ तिवारी समेत 5 नामजद और 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. मईल थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement