उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने पुलिसकर्मियों के साहस, शौर्य और समर्पण को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा.
मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर पोस्ट साझा कर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में आए बदलावों का भी जिक्र किया, उन्होंने लिखा कि नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है और प्रदेश उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ा है.
जवाहर बाग की घटना का किया जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए पिछली सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने लिखा कि उस समय प्रदेश में माफिया राज था और अराजक तत्वों के हौसले बुलंद थे, मथुरा के जवाहर बाग में कानून की रक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को अपने प्राणों का बलिदान देना पड़ा था. कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों का शौर्य, साहस और समर्पण सभी के लिए प्रेरणा है, उन्होंने बलिदानी पुलिसकर्मियों को कृतज्ञतापूर्वक नमन करते हुए उनके परिवारों के त्याग को भी याद किया.
पुलिस व्यवस्था में हुए बदलावों का किया जिक्र
गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों पर कार्रवाई
सीएम योगी ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का ब्योरा देते हुए कहा कि गैंगस्टर एक्ट के तहत 88,973 अपराधियों पर कार्रवाई की गई है, इसके साथ ही 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है. उन्होंने इसे अपराध के खिलाफ सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया.