उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेड़ में ‘बदमाशों का देवता’ के नाम से सोशल मीडिया पर मशहूर शातिर बदमाश प्रताप चौधरी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया. उसका साथी रवि उर्फ शूटर को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि व्यापारी राजीव जैन से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले बदमाश बामाहेडी रेलवे स्टेशन के पास किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं. सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की घेराबंदी कर उन्हें सरेंडर करने की चेतावनी दी.
रंगदारी मांगने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़
पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की ओर भागने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. इस दौरान प्रताप चौधरी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया. पुलिस ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद कांबिंग के दौरान उसके साथी रवि उर्फ शूटर को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बदमाशों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस और रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस दौरान बदमाश प्रताप चौधरी ने कहा कि वो अनिल दुजाना गैंग से जुड़ा है और योगी सरकार से डरता है.
रवि उर्फ शूटर भी कांबिंग के दौरान गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में प्रताप चौधरी ने बताया कि जब वह जेल में बंद था तब उसकी मुलाकात अतुल कुमार नाम के व्यक्ति से हुई थी. अतुल ने उसे व्यापारी राजीव जैन को जान से मारने के लिए 20 लाख रुपये की सुपारी दी थी. इसके बाद इन बदमाशों ने बुधवार को राजीव जैन को फोन कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी.
बदमाशों के पास से दो तमंचे, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद
एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि 4 मार्च को थाना सिविल लाइन में राजीव जैन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था. आरोपियों ने खुद को अनिल दुजाना गैंग से जुड़ा बताते हुए धमकी दी थी और मुकदमा वापस लेने के लिए कहा था. पुलिस ने एक कागज भी बरामद किया है जिस पर धमकी देने से जुड़ी जानकारी लिखी हुई है. फिलहाल पुलिस दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.