उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में कथित धर्मांतरण गतिविधियों को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ईसाई प्रचारक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी पर ग्रामीणों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप है. इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है और जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं.
लालच देकर धर्म परिवर्तन
जानकारी के मुताबिक यह मामला पीलीभीत के जोगराजपुर गांव से जुड़ा है, जहां कथित तौर पर धर्मांतरण से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही थीं. आरोप है कि वह लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने और सुंदर लड़की से विवाह कराने जैसे लालच देकर प्रभावित करने की कोशिश की जा रही थी. इस संबंध में स्थानीय स्तर पर विरोध भी सामने आया.
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई स्थानीय आरएसएस कार्यकर्ता गौरव गुप्ता की लिखित शिकायत के आधार पर शुरू की गई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और उसके बाद मुरादाबाद निवासी अनोखे सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया.
'सरकारी नौकरी दिलवा दूंगा, धर्म बदल लो'
अनोखे सिंह लोगों से कहता था कि धर्म परिवर्तन के बदले आपको सरकारी नौकरी दिलवाएंगे और सुंदर सी लड़की से शादी भी करवाएंगे. पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सहरामऊ उत्तर थाना में मामला दर्ज किया गया है. उस पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ उत्तर प्रदेश गैरकानूनी धर्मांतरण निषेध अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है.
फिलहाल पुलिस केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि आरोपी की फंडिंग और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या इसके पीछे कोई संगठित मॉड्यूल सक्रिय था या यह व्यक्तिगत स्तर पर की जा रही गतिविधि थी. मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.