पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली में पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद किया है, जिसे ट्रक में मुर्गी के दाने की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया था. पुलिस ने इस मामले में 7200 शीशी प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है. मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, चंदौली जनपद के अलीनगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रिंग रोड के पास एक ट्रक लावारिस हालत में खड़ा है. सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली. ट्रक में आगे की तरफ मुर्गी के दाने की बोरियां रखी थीं, लेकिन जब पुलिस ने इन बोरियों को हटाया तो हैरान रह गई. मुर्गी के दाने की बोरियों के पीछे उसी तरह की अन्य बोरियों में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप के बॉक्स छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया. इस बड़ी बरामदगी की सूचना औषधि विभाग को भी दी गई.
फिलहाल, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. हालांकि पुलिस का दावा है कि जल्द ही यह पता लगा लिया जाएगा कि प्रतिबंधित दवा की यह खेप कौन ले जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था.
डिप्टी एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अलीनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रिंग रोड पर कोरी गांव के पास एक संदिग्ध लावारिस ट्रक खड़ा है. सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक की तलाशी ली. तलाशी के दौरान ट्रक में लगभग 20 बोरियां मुर्गी के दाने की मिलीं. इनके पीछे 36 बोरियों में छिपाकर 7200 शीशी प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप रखा गया था.
इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाया गया. उन्होंने जांच के बाद पुष्टि की कि बरामद खेप अवैध कोडीन कफ सिरप की है. बरामद सिरप की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है. ट्रक का पंजीकरण फिरोजाबाद का है और वाहन नंबर के आधार पर जांच की जा रही है. इस संबंध में अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है.