पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेजी से जारी है. इस परियोजना के तहत पीडब्ल्यूडी लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है. पिछले 15 दिनों से चल रहे अभियान में अब तक 280 से अधिक दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बुलडोजर चलाया जा चुका है.
बताया जा रहा है कि वाराणसी-चंदौली सीमा पर पड़ाव से दुल्हीपुर होते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर और गोधना बाईपास तक जीटी रोड के चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है. इसी के तहत सड़क के दोनों किनारों पर पीडब्ल्यूडी की जमीन पर बने अतिक्रमण को हटाया जा रहा है.
सोमवार को कार्रवाई सड़क के दक्षिणी हिस्से में की गई, जिसके पीछे पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन परिसर स्थित है. प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए.
पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है और अब तक 280 से ज्यादा अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों की दुकानें इस अभियान में प्रभावित हुई हैं, उनके पुनर्वास को लेकर भी विचार किया जा रहा है.
अधिकारियों के मुताबिक, सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी.