scorecardresearch
 

बारात में पहले विवाद, फिर लाठी-डंडे और फायरिंग... बिजनौर का VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक शादी समारोह उस वक्त रणभूमि में बदल गया, जब बारात के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई. वायरल वीडियो में एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते और फायरिंग जैसी आवाजें सुनाई दे रही हैं. घटना के बाद घायल युवक ने पुलिस में शिकायत दी है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Advertisement
X
एसपी ने दिए जांच के आदेश.(Photo: Screengrab)
एसपी ने दिए जांच के आदेश.(Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान ऐसा बवाल हुआ कि खुशियों का माहौल देखते ही देखते हिंसा में बदल गया. बारात की चढ़त के दौरान दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में मारपीट और कथित फायरिंग तक पहुंच गया. पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

वायरल वीडियो में कुछ युवक एक युवक का पीछा करते हुए उसे लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं. युवक जान बचाने के लिए भागता है, लेकिन हमलावर उसे दौड़ा-दौड़ाकर मारते हैं. वीडियो में फायरिंग जैसी आवाजें भी सुनाई दे रही हैं. वहीं कुछ लोगों की आवाज भी सुनाई देती है, जो गोली चलने की बात कह रहे हैं.

यह भी पढ़ें: बिजनौर जेल में बेटे से मिलने पहुंचीं मां और बहन, तलाशी में कपड़ों से निकली चरस की पुड़िया

घटना में घायल युवक की पहचान आकाश गुप्ता के रूप में हुई है. उसने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, घटना के तीन दिन बाद तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है.

चढ़त के दौरान शुरू हुआ विवाद, फिर मच गई भगदड़

Advertisement

जानकारी के अनुसार, मंडावली थाना क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी परिवार की शादी 1 जुलाई को देहरादून-नैनीताल हाईवे स्थित भागूवाला के एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित की गई थी. पास के गांव हकीमपुर से बारात आई थी.

रात करीब 11 बजे नाश्ते के बाद जब बारात की चढ़त शुरू हुई, तभी बारात में आए कुछ युवकों और लड़की पक्ष के एक युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया.

आरोप है कि बारातियों के एक समूह ने युवक को पहले गिराकर पीटा. जब वह जान बचाकर भागने लगा तो हमलावर लाठी-डंडे लेकर उसके पीछे दौड़ पड़े. सड़क पर भी उसे घेरकर पीटा गया. मारपीट के दौरान मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.

वीडियो में फायरिंग की आवाज, पुलिस जांच में जुटी

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में घटना बैंक्वेट हॉल की छत से रिकॉर्ड होती दिखाई दे रही है. वीडियो में बारात की चढ़त के बीच युवक पर हमला साफ नजर आता है. इसी दौरान फायरिंग जैसी आवाजें भी सुनाई देती हैं. वीडियो में मौजूद कुछ लोग गोली चलने की बात भी कहते सुनाई देते हैं.

घायल युवक के नाली में गिरने और वहां भी उसके साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है. हालांकि, फायरिंग की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी.

Advertisement

देखें वीडियो...

घटना के बाद घायल युवक आकाश गुप्ता ने पुलिस को शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तीन दिन तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की. स्थानीय लोगों का कहना है कि वायरल वीडियो में फायरिंग की आवाज स्पष्ट सुनाई दे रही है, फिर भी इस पहलू पर गंभीरता नहीं दिखाई गई.

एसपी ने दिए जांच के आदेश

वीडियो वायरल होने के बाद बिजनौर के एसपी अभिषेक झा ने मामले का संज्ञान लिया है. उन्होंने सीओ नजीबाबाद को पूरे प्रकरण की जांच कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं.

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि शिकायत, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इस घटना ने एक बार फिर शादी समारोहों में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सभी की नजर पुलिस जांच पर है कि वायरल वीडियो में दिख रहे आरोपियों के खिलाफ कब और क्या कार्रवाई होती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement