प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम से फोन पर बातचीत कर उन्हें पदभार संभालने पर बधाई दी है. दोनों नेताओं की इस बातचीत का मुख्य केंद्र भारत और ब्रिटेन के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना रहा.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एंडी बर्नहम से बातचीत की जानकारी शेयर की. इसके साथ ही उन्होंने ब्रिटेन के नए पीएम को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं.
इस बातचीत के दौरान दोनों देशों ने तकनीक, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और शिक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में मिलकर काम करने पर सहमति जताई.
व्यापारिक समझौते से खुलेंगे समृद्धि के नए द्वार
पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में कहा, 'यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम से बात करके बहुत खुशी हुई. उन्हें पद संभालने पर बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं.' उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में लागू हुए 'भारत-यूके व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते' का पूरा फायदा उठाने के लिए दोनों देश मिलकर काम करेंगे.
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस ऐतिहासिक समझौते का मकसद व्यापार और निवेश के अवसरों को ज्यादा से ज्यादा बढ़ाना है, ताकि दोनों देशों के लोगों की समृद्धि और भलाई को बढ़ावा मिल सके. बता दें कि भारत और यूके के बीच हुए इस मुक्त व्यापार समझौते के बाद दोनों वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग का एक नया अध्याय शुरू हुआ है.
कई अहम क्षेत्रों में बढ़ेगा सहयोग
प्रौद्योगिकी और रक्षा सहयोग को गहरा करने के साथ-साथ दोनों देश जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए क्लीन एनर्जी क्षेत्र में भी साझा कोश तेज करेंगे. शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में भी भारतीय और ब्रिटिश संस्थानों के बीच नए अवसर पैदा होंगे.