
UP News: बरेली के इज्जतनगर पुलिस ने डबल मर्डर करने वाले आरोपी अफसर उर्फ बौरा को मुठभेड़ में ढेर कर दिया. आरोपी ने रहेपुरा चौधरी गांव में चल रही पारिवारिक पंचायत के दौरान अपनी सास आसमा और साले आदिल की चाकू से गोदकर हत्या की थी और पत्नी साइमा को गंभीर रूप से घायल किया था. पुलिस की पांच टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही थीं. सहारा ग्राउंड के पास घेराबंदी होने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त किया. जवाबी कार्रवाई में लगी गोली से अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई.
पंचायत के बीच खूनी तांडव और दहशत
अफसर खान और उसकी 24 वर्षीय पत्नी साइमा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी सुलह के लिए बुलाई गई पंचायत में आरोपी पूरी तैयारी के साथ चाकू छिपाकर आया था. जैसे ही बातचीत बिगड़ी, उसने अचानक हमला बोल दिया.

उसने अपनी 45 वर्षीय सास और 19 वर्षीय साले पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई. बीच-बचाव करने आई पत्नी पर भी उसने जानलेवा हमला किया, जिसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. इस पूरी घटना का दिल दहला देने वाला सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था.
पुलिस की जवाबी कार्रवाई
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर गठित टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया क्योंकि आरोपी अपनी पत्नी की हत्या करने की फिराक में दोबारा हमला करने की योजना बना रहा था. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पास से एक 32 बोर की पिस्टल, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और 10 कारतूस बरामद हुए हैं. इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.