उत्तर प्रदेश के बांदा में भाजपा का झंडा लगी एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक सवार दंपती को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. मृतक पेशे से शिक्षक थे और पत्नी के साथ बरहौ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. दुर्घटना के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
दरअसल, यह हादसा बांदा के मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ इलाके में हुआ. मृतक की पहचान राजेश चौहान के रूप में हुई है, जबकि उनकी पत्नी का नाम उमा देवी बताया गया है. दोनों बाइक से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे, तभी पीछे से BJP का झंडा लगी काले रंग की थार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी.
यह भी पढ़ें: मामा संग शराब पार्टी, फिर मामी संग आपत्तिजनक हालत में मिला भांजा... बांदा में उस रात क्या हुआ?
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके से गुजर रहे राहगीरों ने दंपती को घायल अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया.
अस्पताल में शिक्षक की मौत, पत्नी की हालत गंभीर
अस्पताल में डॉक्टरों ने राजेश चौहान को मृत घोषित कर दिया. वहीं, उमा देवी को गंभीर चोटें आई हैं. उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है.
पुलिस ने राजेश चौहान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया. उधर, दुर्घटना के बाद थार चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने भाजपा का झंडा लगी काली थार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि सड़क पर इस तरह वाहन चलाने से दूसरों की जान खतरे में पड़ती है. हालांकि, हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका को लेकर पुलिस की कानूनी कार्रवाई जारी है.
परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज, चालक की तलाश
बांदा के डिप्टी एसपी सौरभ सिंह ने बताया कि मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ कस्बे में पीछे से आ रही एक काली थार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी थी. सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
डिप्टी एसपी के मुताबिक, इलाज के दौरान बाइक सवार राजेश चौहान की मौत हो गई. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है. परिजनों से तहरीर प्राप्त कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.