scorecardresearch
 

बलिया: पालतू कुत्ते के हमले में SDM के दोनों हाथ जख्मी, डीएम से साइन की जगह अंगूठा लगाकर मांगी छुट्टी, लेटर वायरल

बलिया के बैरिया तहसील में तैनात एसडीएम आलोक प्रताप सिंह को अपने ही पालतू कुत्ते के गुस्से का शिकार होना पड़ा. पिता को बचाने के चक्कर में घायल हुए अधिकारी ने जब जिलाधिकारी से इलाज के लिए छुट्टी मांगी, तो उनका प्रार्थना पत्र सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोरने लगा.

Advertisement
X
बलिया एसडीएम का छुट्टी का प्रार्थना पत्र वायरल (Photo- Screengrab)
बलिया एसडीएम का छुट्टी का प्रार्थना पत्र वायरल (Photo- Screengrab)

Uttar Pradesh News: बलिया जिले की बैरिया तहसील में तैनात उप जिलाधिकारी आलोक प्रताप सिंह को उनके पालतू अमेरिकन बुल नस्ल के कुत्ते ने 5 मार्च को सरकारी आवास पर काट लिया. यह घटना तब हुई जब एसडीएम अपने पिता को कुत्ते के हमले से बचाने की कोशिश कर रहे थे. 

कुत्ते ने उनके दोनों हाथों को बुरी तरह जख्मी कर दिया, जिससे वह हस्ताक्षर करने की स्थिति में भी नहीं रहे. स्थानीय उपचार के बाद उन्होंने बेहतर इलाज के लिए जिलाधिकारी से मेडिकल लीव की मांग की. डीएम ने छुट्टी मंजूर करते हुए उनके स्थान पर दूसरे अधिकारी की तैनाती कर दी. वहीं, इस प्रकरण में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह का कहना है कि SDM का ट्रांसफर पहले हो चुका था. 

पिता को बचाने में हुए जख्मी

एसडीएम आलोक प्रताप सिंह के मुताबिक, उनके सरकारी आवास पर मौजूद पालतू कुत्ता उनके पिता को परेशान कर रहा था. जब उन्होंने कुत्ते को नियंत्रित करने का प्रयास किया, तो जानवर ने उन पर ही हमला बोल दिया. इस हमले में उनके दोनों हाथों से काफी खून बहा. अधिकारी का कहना है कि चोट इतनी गंभीर है कि वह अपने आधिकारिक दायित्वों का निर्वहन और जरूरी कागजातों पर हस्ताक्षर करने में असमर्थ हैं, इसलिए उन्हें छुट्टी लेनी पड़ी.

Advertisement

छुट्टी के साथ मिला तबादला

सोशल मीडिया पर एसडीएम साहब का छुट्टी वाला पत्र तेजी से वायरल हो रहा है. दिलचस्प बात यह है कि जिलाधिकारी ने उनकी परेशानी को देखते हुए न सिर्फ अवकाश स्वीकृत किया, बल्कि कार्य प्रभावित न हो इसके लिए बैरिया तहसील में उनके स्थान पर दूसरे उप जिलाधिकारी की नियुक्ति भी कर दी. आलोक प्रताप सिंह ने पत्र वायरल होने पर अनभिज्ञता जताई है, हालांकि उन्होंने पत्र में लिखी गई सभी बातों को पूरी तरह सत्य करार दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement