प्रतीक यादव के निधन की खबर से परिवार और करीबी रिश्तेदारों में शोक की लहर है. औरैया के बिधूना में स्थित उनके ननिहाल में भी मातम पसरा हुआ है. जैसे ही प्रतीक की मौत की सूचना वहां पहुंची, परिवार के लोग गहरे सदमे में आ गए. रिश्तेदारों का कहना है कि प्रतीक बेहद शांत और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे.
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव के दूसरे बेटे थे. उनकी अचानक मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है. औरैया के बिधूना में उनका ननिहाल है, जहां से परिवार का गहरा जुड़ाव रहा है. खबर मिलते ही वहां लोगों का आना-जाना शुरू हो गया. शोक व्यक्त करने वालों की भीड़ जुटने लगी.
प्रतीक के मौसा और मुलायम सिंह यादव के साडू पूर्व विधायक प्रमोद कुमार गुप्ता ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि प्रतीक बहुत अच्छे स्वभाव के इंसान थे. उनका व्यवहार सभी के साथ बेहद सौम्य था. उन्होंने बताया कि प्रतीक का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था. वे अपने काम में लगे रहते थे.
प्रमोद गुप्ता ने कहा कि आज सुबह मेरे पास लखनऊ से फोन आया कि प्रतीक यादव का निधन हो गया है. मेरी वाइफ, मेरे बच्चे सभी लोग वहां पहुंच गए हैं. मैं भी निकल रहा हूं. हमारा परिवार दुख में डूबा हुआ है. प्रतीक यादव बहुत अच्छा लड़का था. हमेशा अपने बिजनेस पर ध्यान देता था. राजनीति में आने की कभी नहीं सोची. बिजनेस में काफी घाटा हो गया था, उसी शोक में गुमसुम बना रहता था.
प्रतीक का स्वभाव बहुत अच्छा था. यहां पढ़ने के बाद ऑस्ट्रेलिया चला गया था. वापस लौटे, फिर शादी हुई. हमारे दोनों बच्चों के साथ यहां आकर प्रतीक साथ में रहते थे और खेलने जाते थे, साथ में जिम भी जाते थे.
यह भी पढ़ें: पल्स नहीं चल रही थी, आंखें फिक्स थीं... सुबह 5.55 बजे घर से ऐसे सिविल अस्पताल लाए गए थे प्रतीक यादव
प्रमोद कुमार गुप्ता के मुताबिक, प्रतीक रियल एस्टेट के काम से जुड़े हुए थे और अपने क्षेत्र में सक्रिय थे. उनकी छवि एक जिम्मेदार और विनम्र व्यक्तित्व के तौर पर थी. उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में अचानक उनका चले जाना सभी के लिए बहुत बड़ा सदमा है.
प्रतीक यादव की मौत की खबर फैलते ही समाजवादी पार्टी से जुड़े नेताओं और समर्थकों में भी शोक की लहर दौड़ गई. परिवार के करीबी लोग लगातार उनके आवास पर पहुंच रहे हैं. हालांकि अभी तक ये स्पष्ट नहीं हो सका कि उनकी मौत के पीछे वजह क्या थाी.
परिवार के लोग इस समय गहरे दुख में हैं. बिधूना स्थित ननिहाल में भी माहौल बेहद गमगीन है. रिश्तेदारों का कहना है कि प्रतीक मिलनसार और मददगार स्वभाव के थे, उनके अचानक निधन की खबर पर हर कोई स्तब्ध है.