scorecardresearch
 

बिरयानी में लेग पीस की लड़ाई में उड़ गईं कुर्सियां, अमरोहा की शादी में मचा बवाल

अमरोहा में एक शादी समारोह में बिरयानी के लेग पीस को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. बारातियों और घरातियों के बीच जमकर मारपीट हुई और कुर्सियां तक फेंकी गईं. बैंक्विट हॉल में अफरातफरी मच गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात संभाले और अब वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है.

Advertisement
X
अमरोहा में बिरयानी में लेग पीस को लेकर जमकर बवाल हुआ  (Photo: Screengrab)
अमरोहा में बिरयानी में लेग पीस को लेकर जमकर बवाल हुआ (Photo: Screengrab)

यूपी के अमरोहा में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब खाने की प्लेट में परोसी गई बिरयानी को लेकर मामूली बहस ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. खुशियों के माहौल में शुरू हुआ यह विवाद इतना बढ़ गया कि बैंक्विट हॉल कुछ ही मिनटों में जंग के मैदान जैसा नजर आने लगा. कुर्सियां चलने लगीं, लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े और मौके पर अफरातफरी मच गई. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बताया जा रहा है कि अमरोहा जनपद के एक बैंक्विट हॉल में हैबतपुर बंजारे से बारात आई हुई थी. शुरुआत में सब कुछ सामान्य था. ढोल-नगाड़ों, हंसी-ठिठोली और रस्मों के बीच माहौल पूरी तरह उत्सव में डूबा हुआ था. बाराती और घराती दोनों ही खुशी के इस मौके का आनंद ले रहे थे. लेकिन जैसे ही खाने की बारी आई, वहीं से विवाद की शुरुआत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिरयानी में लेग पीस को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई. पहले तो यह बहस सामान्य लग रही थी, लेकिन कुछ ही देर में बात बढ़ने लगी. आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला और फिर माहौल अचानक गर्म हो गया. किसी ने आवाज ऊंची की, तो किसी ने जवाब में और तीखी प्रतिक्रिया दे दी. इसी दौरान कुछ लोग आपा खो बैठे और हाथापाई शुरू हो गई.

Advertisement

बेकाबू हो गई भीड़ 

देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई. गुस्साए लोगों ने पास में रखी कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे पर फेंकनी शुरू कर दीं. हॉल में मौजूद महिलाएं और बच्चे घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे. कुछ ही पलों में वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए. शादी का मंच, जो कुछ देर पहले खुशियों का केंद्र था, अब तनाव और डर का माहौल समेटे नजर आ रहा था. इस पूरे घटनाक्रम को वहां मौजूद किसी शख्स ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग कुर्सियां फेंक रहे हैं, एक-दूसरे को धक्का दे रहे हैं और माहौल पूरी तरह अराजक हो चुका है. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

घराती और बाराती दोनों चुप

दिलचस्प बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद दोनों पक्षों की ओर से फिलहाल कोई खुलकर सामने नहीं आया है. न तो वर पक्ष और न ही वधू पक्ष इस मामले पर कुछ बोलने को तैयार है. स्थानीय स्तर पर भी लोग इस घटना को लेकर चर्चा तो कर रहे हैं, लेकिन आधिकारिक रूप से कोई बयान सामने नहीं आया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस के पहुंचने तक काफी हद तक मामला शांत हो चुका था, लेकिन तनाव बना हुआ था. अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और वहां मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है और जो भी इस हिंसा में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों ने यह भी साफ किया है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी, चाहे मामला कितना ही छोटा क्यों न हो.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement