scorecardresearch
 

'अब सरकार के खिलाफ गोरिल्ला युद्ध का समय आ गया', गाजीपुर की घटना पर बोले सपा मुखिया अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने गाजीपुर में सपा नेताओं पर हुई कार्रवाई, लखनऊ में भू-माफियाओं के बढ़ते प्रभाव और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा. अखिलेश ने कहा कि यह सरकार केवल सपा कार्यकर्ताओं को टारगेट कर रही है.

Advertisement
X
सपा मुखिया अखिलेश यादव (Photo: X/SP)
सपा मुखिया अखिलेश यादव (Photo: X/SP)

यूपी के गाजीपुर में हुए पथराव के मामले में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद हम लोग कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं. अखिलेश ने दो टूक कहा कि अब सरकार के खिलाफ गोरिल्ला युद्ध (छापामार युद्ध) का समय आ गया है. कहीं जाने से पहले उन्हें (सरकार/प्रशासन) पहले से सूचित करने की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि वे हमारे लोगों को रोक देंगे. हम उन्हें जानकारी ही नहीं देंगे. हम बिना बताए जाएंगे. हम पीड़ित के लिए काम करेंगे ताकि उन्हें न्याय मिल सके.

अखिलेश यादव ने सरकार पर बोला हमला 

शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने गाजीपुर में सपा जिलाध्यक्ष और विधायकों पर दर्ज मुकदमों को लेकर कड़ा विरोध जताया. उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे अलोकतांत्रिक करार दिया और हाथरस कांड की याद दिलाई. अखिलेश ने आरोप लगाया कि राजधानी लखनऊ में बीजेपी भू-माफिया के तौर पर काम कर रही है और जमीन कब्जाने का खेल चल रहा है. साथ ही, उन्होंने सीएम योगी की 'शेर वाली तस्वीर' और अनुराग ठाकुर के बयानों पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का हक छीन रही है.

अखिलेश यादव ने कहा कि गाजीपुर में सपा कार्यकर्ताओं के साथ नाइंसाफी हो रही है. उन्होंने हाथरस की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां प्रशासन ने परिवार की अंतिम इच्छा तक पूरी नहीं होने दी थी. उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार केवल समाजवादी पार्टी के लोगों को निशाना बना रही है. अखिलेश के मुताबिक, अगर पत्रकार सच दिखाते हैं, तो पुलिस उनके पीछे भी लग जाती है.

Advertisement

राजधानी में भू-माफिया और डिजाइन पर तंज

लखनऊ के मुद्दों पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि राजधानी में बीजेपी भू-माफिया बनकर काम कर रही है. जहां भी कोई प्रोजेक्ट शुरू होता है, वहां आसपास की जमीनें खरीद ली जाती हैं. उन्होंने ग्रीन कॉरिडोर और सीएम की शेर वाली तस्वीर के डिजाइन पर चुटकी लेते हुए कहा कि लगता है इनका डिजाइन भी सीएम ने खुद तैयार किया है, क्योंकि बब्बर शेर की मूर्ति बेहद खराब बनाई गई है.

ममता की जीत और पीडीए का अधिकार

अखिलेश ने पश्चिम बंगाल चुनाव पर कहा कि वहां ममता बनर्जी की ऐतिहासिक जीत होगी. उन्होंने तंज कसा कि अगर बंगाल में 3 लाख पैरा मिलिट्री फोर्स लगी है, तो यूपी में 6 लाख लगा दें, जीत तो पीडीए की ही होगी. महिला आरक्षण और ब्राह्मण समाज पर अत्याचार के मुद्दों पर उन्होंने कहा कि बीजेपी पिछड़े वर्गों का अधिकार छीन रही है और न्याय के नाम पर केवल दिखावा कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement