उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-66 में एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई. हादसे में एक महिला और एक पुरुष की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि इमारत में रहने वाले करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. नोएडा की जिस इमारत में आग लगी थी, उस दौरान का वीडियो आज तक/इंडिया टुडे के पास मौजूद है. इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि आग लगने के बाद कई लोग इमारत की छत पर फंस गए थे और धुएं की वजह से लगातार खांस रहे थे. जान बचाने के लिए करीब 40 लोगों ने बांस की पतली सीढ़ियों का सहारा लिया.
सामने वाली इमारत में रहने वाले लोगों ने साहस दिखाते हुए बांस की सीढ़ी लगाई, जिसके सहारे फंसे हुए लोगों को एक-एक कर सुरक्षित अपनी इमारत में पहुंचाया गया. स्थानीय लोगों की सूझबूझ और मदद से कई लोगों की जान बच सकी.
पुलिस के मुताबिक, आग की शुरुआत इमारत के भूतल पर उस समय हुई जब एक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) की बैटरी चार्ज की जा रही थी. चार्जिंग के दौरान निकली चिंगारी से पास में खड़े पेट्रोल से चलने वाले वाहनों में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें पूरे बेसमेंट में फैल गई.
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियां, एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और सभी परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
प्रत्यक्षदर्शी ने क्या बताया?
प्रत्यक्षदर्शी अर्नव सिंह ने बताया कि भूतल पर एक इलेक्ट्रिक स्कूटर चार्ज हो रहा था. अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग फैल गई. उन्होंने कहा कि राहत दल के पहुंचने से पहले लोगों को अपनी जान बचाने के लिए खुद ही बाहर निकलना पड़ा. इमारत निर्माणाधीन होने के कारण सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया और बाद में ऊपर से सीढ़ी लगाकर करीब 150 से 200 लोगों को सुरक्षित निकाला गया.
पुलिस ने बताया कि आग के दौरान धुएं की चपेट में आने से एक महिला और एक पुरुष की तबीयत गंभीर हो गई. दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इस मामले में भवन मालिक/पट्टाधारक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.