scorecardresearch
 

13 साल के बच्चे की तालाब में डूबने से मौत... दोस्तों के साथ गया था नहाने

स्कूल से लौटने के बाद जब 13 साल का एक किशोर अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया, तो अचानक डूबने लगा. इसके बाद उसके साथियों ने शोर मचाकर स्थानीय लोगों को जानकारी दी. करीब दो घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला.

Advertisement
X
मृतक की पहचान जितेंद्र कुमार नाम से हुई है. (Representational Photo: PTI)
मृतक की पहचान जितेंद्र कुमार नाम से हुई है. (Representational Photo: PTI)

लखनऊ में एक 13 साल के किशोर की तालाब में डूबने से मौत की खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, वह किसान पथ किनारे बने तालाब में नहाने गया था. मृतक अपने छोटे भाई और दोस्तों के साथ तालाब में नहा रहा था, तभी वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. इसके बाद जब बच्चे शोर मचाने लगे तो स्थानीय लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी.

मौके पर इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे. फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया. बाद में एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया. तालाब में जलकुंभी अधिक होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कत आई और किशोर को तलाशने में करीब दो घंटे का समय लगा.

एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद किशोर को तालाब से बाहर निकाला और तुरंत पीजीआई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

7वीं क्लास में पढ़ता था मृतक

मृतक की पहचान जितेंद्र कुमार पुत्र राकेश निवासी ग्राम सभा खेड़ा कल्ली पश्चिम, लखनऊ के रूप में हुई. वह सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट हाई स्कूल में कक्षा 7 का छात्र था. मृतक के पिता राकेश ने बताया कि परिवार में चार बेटियों अनीता, सुजीता, विनिता और निधि के बाद दो बेटे जितेंद्र और मनीष हैं. 

Advertisement

जितेंद्र परिवार में पांचवें नंबर पर था. शनिवार सुबह दोनों भाई स्कूल गए थे. लौटने के बाद खाना खाकर जितेंद्र अपने छोटे भाई मनीष और दोस्तों के साथ तालाब में नहाने चला गया था, जहां यह हादसा हो गया.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement