अगर आप हवाई यात्रा के दौरान पावर बैंक अपने बैग में रखते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. चीन की चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस की एक फ्लाइट में लैंडिंग के तुरंत बाद ओवरहेड लगेज कंपार्टमेंट में रखा एक पावर बैंक अचानक आग की लपटों में घिर गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे देखकर लोग हैरान हैं.
वीडियो में दिखाई देता है कि जैसे ही एक यात्री अपना सामान निकालने के लिए ओवरहेड कंपार्टमेंट खोलता है, अंदर से तेज आग और धुआं निकलने लगता है. कुछ पल के लिए फ्लाइट में अफरा-तफरी मच जाती है. हालांकि, केबिन क्रू और यात्रियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. ये वीडियो 24 जुलाई का बताया जा रहा है.
आखिर क्यों लगी आग?
विशेषज्ञों के मुताबिक आग की वजह थर्मल रनअवे थी. यह लिथियम-आयन बैटरी के अंदर होने वाली ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें बैटरी अचानक बहुत ज्यादा गर्म होकर आग पकड़ सकती है या फट सकती है. अगर बैटरी खराब हो, शॉर्ट-सर्किट हो जाए या अत्यधिक गर्मी के संपर्क में आ जाए, तो खतरा कई गुना बढ़ जाता है.
देखें वीडियो
फ्लाइट में पावर बैंक कहां रखना चाहिए?
अधिकांश एयरलाइंस और एविएशन नियमों के मुताबिक पावर बैंक और अतिरिक्त लिथियम-आयन बैटरियां केवल केबिन बैग में ही रखी जानी चाहिए. इन्हें चेक-इन बैगेज में रखने की अनुमति नहीं होती, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके. वहीं, फूली हुई, क्षतिग्रस्त या रिकॉल की गई बैटरियों को विमान में ले जाना प्रतिबंधित है.
फ्लाइट में ये सामान ले जाने से बचें
हवाई यात्रा के दौरान सुरक्षा कारणों से कई चीजों पर प्रतिबंध रहता है. इनमें शामिल हैं:
पटाखे, विस्फोटक और ज्वलनशील पदार्थ
पेट्रोल, डीजल, पेंट थिनर जैसी ज्वलनशील तरल सामग्री
बंदूक और गोला-बारूद (विशेष अनुमति को छोड़कर)
ब्लीच, तेजाब और अन्य संक्षारक रसायन
रेडियोएक्टिव और जहरीले पदार्थ
खराब या क्षतिग्रस्त लिथियम-आयन बैटरियां
इन चीजों पर भी लागू हैं नियम
100 मिलीलीटर से ज्यादा तरल पदार्थ, जेल या क्रीम कैरी-ऑन बैग में नहीं ले जा सकते.
चाकू, बॉक्स कटर, ढीली रेजर ब्लेड जैसी धारदार वस्तुएं प्रतिबंधित हैं.
हथौड़ा, ड्रिल और बड़े स्क्रूड्राइवर जैसे औजार केबिन बैग में नहीं रखे जा सकते.
क्रिकेट बैट, हॉकी स्टिक और गोल्फ क्लब जैसे खेल उपकरण भी आमतौर पर कैरी-ऑन बैगेज में ले जाने की अनुमति नहीं होती.
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने कहा कि अब वे फ्लाइट में पावर बैंक ले जाने से पहले ज्यादा सावधानी बरतेंगे. वहीं कई लोगों ने केबिन क्रू की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी त्वरित कार्रवाई की वजह से बड़ा हादसा टल गया.
यात्रा से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप फ्लाइट से सफर करने वाले हैं, तो पावर बैंक खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और क्षमता जरूर जांचें. केवल अच्छी स्थिति में मौजूद बैटरी का इस्तेमाल करें और एयरलाइन के बैगेज नियमों का पालन करें. थोड़ी सी लापरवाही आपकी ही नहीं, बल्कि पूरे विमान में मौजूद यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है.