scorecardresearch
 

मलेशिया में 16 साल के छात्र ने टीचर पर किया कुल्हाड़ी से हमला, सोशल मीडिया पर लाइव किया वीडियो

मलेशिया के एक इंटरनेशनल स्कूल में 16 साल के छात्र पर महिला टीचर पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप लगा है. रिपोर्ट के मुताबिक, छात्र ने कथित तौर पर इस घटना को सोशल मीडिया पर लाइव किया था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की. जानिए क्या है पूरा मामला.

Advertisement
X
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मलेशिया के अधिकारियों ने इसे हटवा दिया. ( Photo: ITG)
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मलेशिया के अधिकारियों ने इसे हटवा दिया. ( Photo: ITG)

स्कूल में बच्चे पढ़ाई करने और अपना भविष्य बनाने जाते हैं, लेकिन मलेशिया के एक स्कूल में ऐसी घटना हुई, जिसने सभी को हैरान कर दिया. यहां 16 साल के एक छात्र पर अपनी महिला टीचर पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप लगा है. हैरानी की बात यह है कि छात्र ने कथित तौर पर इस घटना को सोशल मीडिया पर लाइव भी किया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने छात्र को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, बाद में उसे पुलिस जमानत पर छोड़ दिया गया. इस घटना का वीडियो काफी वायरल होने के बाद मलेशिया के अधिकारियों ने इसे हटवा दिया. इस घटना को लेकर काफी चर्चा हो रही है.

क्या है पूरा मामला?
यह घटना मलेशिया के सरवाक राज्य के कुचिंग शहर में स्थित एक इंटरनेशनल स्कूल की है. 21 अक्टूबर की सुबह स्कूल में हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस को बुलाया गया था. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में बताया गया कि एक छात्र स्कूल में पटाखे और कुल्हाड़ी लेकर आया था. आरोप है कि उसने इसी कुल्हाड़ी से महिला टीचर को घायल कर दिया.

रिपोर्ट के मुताबिक, घटना में टीचर के हाथ में चोट आई थी. स्कूल ने बताया कि टीचर को गंभीर चोट नहीं लगी और वह धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं. घटना के बाद स्कूल में मौजूद दूसरे छात्रों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया. किसी अन्य के घायल होने की खबर नहीं है. 

छात्र ने सिर पर फोन बांधकर लाइव किया वीडियो
इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा छात्र के वीडियो को लेकर हो रही है. रिपोर्ट के अनुसार, छात्र ने अपना फोन सिर पर बांधा हुआ था, जिससे वह जो कुछ कर रहा था, उसे रिकॉर्ड कर सके. वीडियो में वह स्कूल के बाथरूम में दिखाई देता है. उसके पास कुल्हाड़ी और लाइटर भी नजर आते हैं. इसके बाद वह बाथरूम से निकलकर क्लासरूम की तरफ जाता दिखाई देता है. वीडियो में एक महिला टीचर अपनी सुरक्षा के लिए हाथ उठाती नजर आती हैं. घटना से जुड़ी एक अन्य सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में भी छात्र को कुल्हाड़ी लेकर क्लासरूम में जाते हुए देखा गया. कुछ देर बाद दूसरे छात्र उसे पकड़कर कुल्हाड़ी छीनते दिखाई देते हैं. 

Advertisement

सोशल मीडिया से हटाया गया वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मलेशिया के अधिकारियों ने इसे हटवा दिया. यह वीडियो पहले फेसबुक पर शेयर किया गया था. अधिकारियों ने लोगों से ऐसी हिंसक घटनाओं के वीडियो को बार-बार शेयर नहीं करने की अपील भी की है. ऐसे वीडियो से घटना से जुड़े लोगों को परेशानी हो सकती है और हिंसक चीजें तेजी से वायरल हो सकती है. 

पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
पुलिस ने 16 साल के छात्र को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की थी. अधिकारियों के मुताबिक, जांच में घटना की वजह और उससे जुड़े दूसरे तथ्यों का पता लगाया जा रहा है. शुरुआती कार्रवाई के बाद छात्र को पुलिस जमानत पर छोड़ दिया गया था. मामले में आगे की जांच जारी है.  इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement