scorecardresearch
 

डेनियल सियाड कौन था? जिसकी मौत के बाद फिर खुलने लगीं एप्सटीन नेटवर्क की परतें

एप्सटीन फाइलों में 2,000 से ज्यादा बार नाम, कई महिलाओं के गंभीर आरोप और फिर घर में रहस्यमय मौत. फ्रांस में मिले डेनियल सियाड के शव ने एक बार फिर दुनिया के सबसे चर्चित सेक्स ट्रैफिकिंग नेटवर्क की याद ताजा कर दी है.

Advertisement
X
एप्सटीन के नेटवर्क के तार दुनिया के कई बड़े नामों तक पहुंचते रहे हैं (Photo: US Justice Department's Epstein Library)
एप्सटीन के नेटवर्क के तार दुनिया के कई बड़े नामों तक पहुंचते रहे हैं (Photo: US Justice Department's Epstein Library)

जेफ्री एप्सटीन की मौत को कई साल बीत चुके हैं, लेकिन उससे जुड़े नाम आज भी दुनिया भर में सुर्खियां बनते हैं. अब फ्रांस से आई एक खबर ने फिर उसी रहस्यमयी नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मॉडल स्काउट डेनियल सियाड अपने घर में मृत मिला है. यह वही शख्स है, जिसका नाम अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) की एप्सटीन फाइलों में 2,000 से ज्यादा बार दर्ज बताया गया था. उसकी मौत ने एक बार फिर उस नेटवर्क की परतें खोल दी हैं, जिसके तार दुनिया के कई देशों तक फैले बताए जाते रहे हैं.

फ्रांस के नांतेर अभियोजन कार्यालय के मुताबिक, डेनियल सियाड का शव पेरिस के बाहरी इलाके कोलॉम्ब में उसके घर से बरामद हुआ. अधिकारियों ने कहा है कि मौत के कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और जांच जारी है.

कौन था डेनियल सियाड?

करीब तीन दशक तक मॉडल स्काउट के तौर पर काम करने वाला सियाड फैशन इंडस्ट्री में जाना-पहचाना नाम था. लेकिन उसकी पहचान तब बदल गई, जब उसका नाम अमेरिकी कारोबारी और दोषी यौन अपराधी जेफ्री एप्सटीन से जुड़ने लगा.मॉडल स्काउट फैशन इंडस्ट्री का वह आदमी होता है, जिसका काम नए मॉडल्स की तलाश करना होता है।

आसान भाषा में समझें तो यह मॉल, स्कूल, कॉलेज, कैफे, सोशल मीडिया या किसी इवेंट में ऐसे युवाओं को खोजता है, जिनमें मॉडल बनने की संभावना हो.इसके बाद उन्हें मॉडलिंग एजेंसी, फैशन ब्रांड, फोटोग्राफर या टैलेंट मैनेजमेंट कंपनी से जोड़ता है.कई बार मॉडल स्काउट शुरुआती फोटोशूट, ऑडिशन और पोर्टफोलियो बनवाने में भी मदद करता है.

Advertisement

सियाड ने स्वीकार किया था कि 2000 के दशक की शुरुआत में उसकी मुलाकात एप्सटीन से हुई थी. उसका दावा था कि दोनों के बीच सिर्फ पेशेवर संबंध थे. उसने यह भी कहा था कि उसने कई मॉडल्स को एप्सटीन से मिलवाया, लेकिन उसे किसी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी नहीं थी.

यह भी पढ़ें: भारतीय लड़की भी बनी जेफरी एपस्टीन का शिकार? ऐसे हुआ खुलासा

एप्सटीन फाइलों में 2,000 से ज्यादा बार नाम

इस साल सार्वजनिक हुई अमेरिकी न्याय विभाग की एप्सटीन फाइलों में डेनियल सियाड का नाम 2,000 से ज्यादा बार सामने आया. रिपोर्टों के मुताबिक, इन दस्तावेजों में एप्सटीन और सियाड के बीच कई ईमेल और संदेश दर्ज हैं.

इनमें युवा महिलाओं और मॉडल्स की तस्वीरें, प्रोफाइल और मुलाकातों को लेकर बातचीत का जिक्र है. कुछ संदेशों में नाबालिग लड़कियों का भी उल्लेख होने की बात सामने आई. हालांकि इन दस्तावेजों में नाम आने का अर्थ अपने आप में किसी अपराध का दोषी साबित होना नहीं है.

यह भी पढ़ें: खास नस्ल के इंसान बनाने में लगा था एप्सटीन! महिलाओं को प्रेग्नेंट करने का ये था प्लान

महिलाओं ने लगाए गंभीर आरोप

फ्रांसीसी मीडिया के अनुसार, सियाड पर कई महिलाओं ने दुष्कर्म और मानव तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. इसी साल फ्रांस में एप्सटीन नेटवर्क से जुड़े लोगों की जांच के दौरान उससे पूछताछ की संभावना भी जताई गई थी.

Advertisement

स्वीडन की पूर्व मॉडल एब्बा कार्लसन ने आरोप लगाया था कि 1990 में मॉडलिंग के बहाने उनके साथ दुष्कर्म किया गया. वहीं कुछ अन्य महिलाओं ने दावा किया कि सियाड ने उनकी मुलाकात एप्सटीन से कराई थी.सियाड ने इन सभी आरोपों से इनकार किया और कहा कि उसने कभी कोई गैरकानूनी काम नहीं किया.

पहले भी हो चुकी है एक रहस्यमयी मौत

डेनियल सियाड, एप्सटीन से जुड़े ऐसे दूसरे चर्चित शख्स हैं जिनकी फ्रांस में मौत हुई. इससे पहले मॉडल एजेंट जीन-ल्यूक ब्रुनेल 2022 में जेल में मृत पाए गए थे. उन पर भी नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और एप्सटीन के लिए महिलाओं की व्यवस्था करने के आरोप लगे थे. ब्रुनेल ने भी आरोपों से इनकार किया था.

मौत के बाद भी खत्म नहीं हुई जांच

फ्रांस के अभियोजकों का कहना है कि सियाड की मौत से जांच बंद नहीं होगी. अधिकारियों के मुताबिक, एप्सटीन नेटवर्क से जुड़े हर उस व्यक्ति की भूमिका की जांच जारी रहेगी, जिसके खिलाफ पर्याप्त सुराग मिलते हैं.

डेनियल सियाड की मौत ने कई सवाल फिर से खड़े कर दिए हैं. क्या उसके साथ उस नेटवर्क के कुछ राज भी हमेशा के लिए दफन हो गए, या जांच में आगे और नाम सामने आएंगे? इसका जवाब आने वाले दिनों में ही मिल पाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement