सोशल मीडिया पर एक अनोखा नजारा वायरल हो रहा है. मंडप सजा हुआ है, शादी की रौनक है, दूल्हा-दुल्हन हैं और चारों तरफ पानी भरा हुआ है. सबसे खास बात यह है कि दूल्हा अपनी दुल्हन को गोद में उठाकर मंडप तक ले जाता नजर आ रहा है. यह दृश्य किसी फिल्मी सीन जैसा जरूर लगता है, लेकिन यह पूरी तरह हकीकत है.
दरअसल, यह मामला मध्य प्रदेश के इंदौर का है. मूसलाधार बारिश के कारण पूरा वेडिंग वेन्यू पानी में डूब गया. हालांकि हालात कितने भी मुश्किल क्यों न रहे हों, दूल्हा-दुल्हन ने शादी टालने के बजाय उसे यादगार बनाने का फैसला किया.
यह शादी इंदौर के कैट रोड स्थित एक गार्डन में आयोजित की गई थी. पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण समारोह स्थल पर करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी भर गया. शादी का मंडप भी पानी में डूब गया, लेकिन इसके बावजूद सभी रस्में तय समय पर ही पूरी की गईं.
ये शादी याद रहेगी!
शादी का सबसे खास पल तब आया, जब दूल्हा वैभव अपनी दुल्हन पूर्वा को गोद में उठाकर पानी से भरे रास्ते से मंडप तक लेकर पहुंचा. इस दौरान वहां मौजूद मेहमान तालियां बजाते रहे और इस खूबसूरत पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते रहे.
मंडप के चारों ओर पानी भरा होने के बावजूद दूल्हा-दुल्हन ने टखनों तक पानी में खड़े होकर सात फेरे लिए. बारिश लगातार होती रही, लेकिन दोनों के चेहरे पर मुस्कान बनी रही. शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा एक बार फिर दुल्हन को गोद में उठाकर मंडप से बाहर लेकर आया, ताकि उसे पानी में चलना न पड़े.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शादी में शामिल मेहमान भी पानी के बीच सावधानी से चलते हुए भोजन स्थल तक पहुंच रहे हैं. कई जगह लोगों के जूते-चप्पल पानी में तैरते नजर आए, लेकिन इसके बावजूद किसी का उत्साह कम नहीं हुआ.
सोशल मीडिया पर इस शादी के वीडियो को खूब पसंद किया जा रहा है. कई यूजर्स ने लिखा कि यह सचमुच "हर हाल में साथ निभाने" का सबसे खूबसूरत उदाहरण है. वहीं कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस जोड़े ने सचमुच 'पानी के बीच' सात फेरे लेकर अपनी कसमें निभाईं.
बारिश ने भले ही शादी की तैयारियों को प्रभावित किया हो, लेकिन दूल्हा-दुल्हन की मुस्कान, एक-दूसरे का साथ और हर परिस्थिति में शादी पूरी करने का उनका जज्बा इस पल को हमेशा के लिए यादगार बना गया.