ब्राजील में 21 साल की मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रेटास की मौत का वीडियो पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना हुआ है. लेकिन इस हादसे का सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इतनी बुनियादी गलती कैसे हो गई? CNN ब्राजील की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच और वायरल वीडियो इस दर्दनाक हादसे की पूरी कहानी बयां करते हैं.
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल वीडियो में मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रेटास को दो प्रशिक्षक दोनों तरफ से पकड़कर और एक अन्य कर्मचारी की मदद से "सुपरमैन पोज" में पुल के किनारे तक ले जाते हैं. कुछ सेकंड बाद तीनों उन्हें नीचे की ओर धक्का देते हैं. जैसे ही मारिया हवा में जाती हैं, पीछे खड़े लोगों की चीख सुनाई देती है-रस्सी... रस्सी... रस्सी! लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी होती है और वह करीब 40 मीटर (130 फीट) नीचे जा गिरती हैं.
सबसे बड़ी चूक आखिर हुई कैसे?
People मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच में किसी तकनीकी खराबी की बात सामने नहीं आई. जांच एजेंसियों का फोकस इस बात पर है कि प्रतिभागी के हार्नेस को मुख्य सुरक्षा रस्सी से जोड़ा ही नहीं गया. सामान्य प्रक्रिया में हार्नेस को रस्सी से जोड़ने के बाद एक से अधिक प्रशिक्षक अंतिम सुरक्षा जांच करते हैं और 'ऑल क्लियर' मिलने के बाद ही जंप कराया जाता है. इस मामले में आरोप है कि यही सबसे अहम प्रक्रिया पूरी नहीं की गई.
इस हादसे के कई वीडियो अलग-अलग एंगल से वायरल हो रहे हैं
एक अन्य एंगल में सुरक्षा रस्सी खुली हुई नजर आती है
गवाहों ने क्या बताया?
रिपोर्ट के मुताबिक, मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि मारिया से पहले कई लोग सुरक्षित जंप कर चुके थे. उनका कहना है कि इस बार सुरक्षा प्रक्रिया में गंभीर चूक हुई. एक गवाह ने पुलिस को बताया कि यह हादसा सुरक्षा जांच और निगरानी में लापरवाही का नतीजा प्रतीत होता है.
क्या कर्मचारियों को तुरंत गलती का एहसास हुआ?
रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो से साफ दिखता है कि मारिया के हवा में जाने के तुरंत बाद कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों को एहसास हुआ कि सुरक्षा रस्सी जुड़ी ही नहीं है. इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जोर-जोर से 'रस्सी... रस्सी...' चिल्लाने लगे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
यह बंजी जंप नहीं, 'रोप जंप' था
कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना को कई जगह बंजी जंप बताया गया, जबकि वास्तव में यह रोप जंप था. बंजी जंप में इलास्टिक रस्सी का इस्तेमाल होता है, जिससे व्यक्ति नीचे जाकर ऊपर की ओर उछलता है. वहीं रोप जंप में कम खिंचाव वाली क्लाइम्बिंग रोप होती है, जो गिरने के बाद व्यक्ति को पेंडुलम की तरह झुलाती है. इसलिए इसमें सुरक्षा रस्सी का सही तरीके से जुड़ना सबसे अहम चरण माना जाता है.
जांच में और क्या सामने आया?
CNN ब्राजील, मुताबिक, पुलिस ने घटना के बाद छह लोगों को हिरासत में लिया, जबकि जंप कराने वाली टीम के तीन सदस्यों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या (हॉमिसाइड विद इम्प्लाइड मैलिस) जैसे आरोपों की जांच चल रही है. रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि जिस जगह यह गतिविधि कराई जा रही थी, वहां सुरक्षा व्यवस्था और संचालन को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 'रस्सी बांधना भूल गए!' बंजी जंप के दौरान युवती की मौत, सामने आया वीडियो
कौन थीं मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रेटास?
21 साल की मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रेटास फिजिकल एजुकेशन की छात्रा थीं और भविष्य में स्पोर्ट्स टीचर बनना चाहती थीं. हादसे के अगले दिन उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया. अब तक मारिया के माता-पिता या परिवार की ओर से कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है. हालांकि उनके मंगेतर घटना के समय मौके पर मौजूद थे और हादसे के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी.
एक सवाल पूरी दुनिया पूछ रही है
एडवेंचर स्पोर्ट्स विशेषज्ञों और शुरुआती जांच के आधार पर प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार, ऊंचाई वाले किसी भी एडवेंचर स्पोर्ट में "डबल-चेक" और "क्रॉस-चेक" सबसे अहम सुरक्षा नियम माने जाते हैं. इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अगर अंतिम सुरक्षा जांच ठीक से की जाती, तो क्या 21 साल की मारिया की जान बच सकती थी? फिलहाल इसका जवाब ब्राजील पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट ही दे पाएगी.