नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी मचअवेटेड फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड' 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. आधिकारिक रिलीज से ठीक पहले अमेरिका के लॉस एंजेलिस शहर में इसका पहला ग्लोबल प्रीमियर आयोजित किया गया, जहां फिल्म की स्टारकास्ट- रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश बेहद स्टाइलिश और ग्रैंड अंदाज में रेड कार्पेट पर नजर आए.
इस बेहद खास स्क्रीनिंग के तुरंत बाद फिल्म का पहला रिव्यू भी सामने आ चुका है, जिसने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता को और बढ़ा दिया है.
लॉस एंजिल्स में ग्रैंड 3D स्क्रीनिंग
लॉस एंजिल्स (कैलिफोर्निया) के मशहूर 'एकेडमी म्यूज़ियम ऑफ मोशन पिक्चर्स' के 'डेविड गेफेन थिएटर' में फिल्म की 3D स्क्रीनिंग रखी गई थी. यह एक exclusive इवेंट था, जिसमें केवल आमंत्रित लोगों को ही आने की इजाजत थी. इस रेड कार्पेट इवेंट में 'रामायण' की पूरी स्टारकास्ट और क्रू के साथ-साथ कई हॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियां, वैश्विक इन्फ्लुएंसर्स और चुनिंदा मीडियाकर्मी शामिल हुए.
पहला आधिकारिक रिएक्शन
फिल्म देखने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर जाने-माने एंटरटेनमेंट कंटेंट क्रिएटर और फिल्म समीक्षक 'रामाज स्क्रीन' ने अपना पहला रिएक्शन शेयर किया. उन्होंने लिखा कि 'रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड' सचमुच एक शानदार अनुभव था! फिल्म के विज़ुअल्स, डांस, संगीत और एक्शन सीन्स सब कुछ बहुत ही भव्य और प्रभावशाली हैं. रणबीर कपूर की अदाकारी बेहतरीन रही, वहीं यश का स्क्रीन प्रेजेंस और प्रभाव बेहद जबरदस्त था. यह इस साल के सबसे बेहतरीन सिनेमाई अनुभवों में से एक है- एक एकदम भव्य नजारा.
एम्बार्गो के बीच दर्शकों की शुरुआती रिएक्शन
प्रीमियर खत्म होते ही हॉल से बाहर निकले दर्शकों और समीक्षकों ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त करना शुरू कर दिया. हालांकि, एम्बार्गो (मीडिया प्रतिबंध) लागू होने के कारण कोई भी समीक्षक अभी फिल्म का विस्तृत स्पॉइलर या पूरा रिव्यू नहीं दे सकता था, लेकिन इसके बावजूद जो शुरुआती प्रतिक्रियाएं सामने आईं, वे फिल्म के विजुअल और एक्टिंग के मामले में काफी पॉजिटिव संकेत दे रही हैं.