कभी-कभी किसी इंसान की छोटी-सी कोशिश कब बड़ी पहचान बन जाए, पता नहीं चलता. उत्तर प्रदेश के कौशांबी की रहने वाली यशोदा लोढ़ी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. गांव की जिंदगी से निकलकर यशोदा ने खुद अंग्रेजी सीखी और फिर सोशल मीडिया पर दूसरों को अंग्रेजी सिखाना शुरू किया. आज उन्हें सोशल मीडिया पर 'इंग्लिश विद देहाती मैडम' के नाम से जाना जाता है. खास बात यह है कि हाल ही में बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने उनका एक वीडियो अपनी इंस्टाग्राम पर शेयर किया. इसके बाद यशोदा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. उसी दिन उनके इंस्टाग्राम पर 4 लाख फॉलोअर्स भी पूरे हो गए.
कौन हैं यशोदा लोढ़ी?
यशोदा उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के सिराथू नगर पंचायत के लोधन का पुरवा गांव से आती हैं. उन्होंने अपनी पढ़ाई 12वीं तक की. अंग्रेजी उनके लिए कोई आसान विषय नहीं था. उन्होंने खुद बताया है कि शुरुआत में उन्हें अंग्रेजी बोलना नहीं आता था और उन्हें समझ नहीं आता था कि इसे सीखना कहां से शुरू करें. इसके बाद उन्होंने इंग्लिश सीखने का अपना तरीका निकाला. वह दूसरे लोगों के वीडियो सुनतीं और उसमें बोले गए शब्दों को दोहराकर बोलने की कोशिश करतीं.
करीब 15 दिन तक लगातार सुनने की प्रैक्टिस करने के बाद उन्होंने खुद अंग्रेजी बोलने की कोशिश शुरू की. इसके बाद उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया और धीरे-धीरे लोगों को रोजमर्रा की अंग्रेजी सिखाने लगीं.
पति को नहीं था यूट्यूब पर भरोसा
यशोदा की कहानी इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि जब उन्होंने यूट्यूब पर काम शुरू किया तो शुरुआत में उनके पति को इस काम से खास उम्मीद नहीं थी. उनका मानना था कि यू-ट्यूब से कमाई नहीं होगी. लेकिन यशोदा ने इसे छोड़ने के बजाय अपना काम जारी रखा. उन्होंने 26 दिसंबर 2023 को अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था. उनका फोकस किताबों वाली कठिन अंग्रेजी पर नहीं, बल्कि रोजमर्रा की बातचीत में इस्तेमाल होने वाली आसान इंग्लिश पर रहा. धीरे-धीरे उनके वीडियो लोगों को पसंद आने लगे और उनका चैनल तेजी से आगे बढ़ा. रिपोर्ट के मुताबिक, उनका चैनल करीब एक महीने में मोनेटाइज हो गया और अगले महीने उन्हें पहली पेमेंट भी मिली.
खुद सीखी अंग्रेजी, फिर दूसरों को सिखाने लगीं
यशोदा की खास बात यह है कि वह किसी बड़े अंग्रेजी स्कूल या संस्थान से ट्रेनिंग लेकर नहीं आईं. उन्होंने खुद सीखते हुए अपना तरीका बनाया. वह अंग्रेजी सुनती थीं, उसे समझने की कोशिश करती थीं और फिर उसी तरह बोलने की प्रैक्टिस करती थीं. बाद में उन्होंने इसी अनुभव को अपने वीडियो में इस्तेमाल किया. उनके वीडियो में रोजमर्रा की बातचीत, आम तौर पर इस्तेमाल होने वाले अंग्रेजी के शब्द और छोटे-छोटे वाक्य शामिल होते हैं. यही वजह है कि उनके वीडियो उन लोगों को भी आसानी से समझ आते हैं जो अंग्रेजी सीखना चाहते हैं लेकिन बड़े-बड़े ग्रामर रुल्स, से परेशान हो जाते हैं.
फिर प्रियंका चोपड़ा ने शेयर कर दिया वीडियो
यशोदा के लिए सबसे खास पल तब आया जब प्रियंका चोपड़ा जोनस ने उनका वीडियो अपनी इंस्टाग्राम पर शेयर किया. यशोदा ने बताया कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि प्रियंका उनका वीडियो शेयर करेंगी. प्रियंका के ऐसा करने के बाद उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास पल था. यशोदा ने इसे सिर्फ एक सेलिब्रिटी शाउट आउट नहीं माना. उनके लिए यह उस सफर की पहचान थी, जो उन्होंने गांव की जिंदगी से शुरू किया था. उन्होंने कहा कि छोटी-सी कोशिश आपको ऐसी जगह तक पहुंचा सकती है, जिसकी आपने कल्पना भी नहीं की हो.
गांव की लड़की से सोशल मीडिया की पहचान तक
यशोदा खुद को देहाती मैडम कहती हैं. उनके लिए यह नाम किसी कमी को दिखाने वाला शब्द नहीं, बल्कि उनकी पहचान और उनकी जड़ों से जुड़ा है. उन्होंने गांव में रहते हुए इंग्लिश सीखी और उसी भाषा को दूसरे लोगों तक पहुंचाने का काम शुरू किया. आज उनके वीडियो बड़ी संख्या में लोग देखते हैं. प्रियंका चोपड़ा के शेयर करने के बाद उनकी कहानी और ज्यादा लोगों तक पहुंच गई. इसी दौरान उनके इंस्टाग्राम पर 4 लाख फॉलोअर्स भी पूरे हुए.
यशोदा की कहानी सिर्फ अंग्रेजी सीखने की कहानी नहीं है. यह उस कोशिश की कहानी है जिसमें किसी ने अपनी कमियों को रोकने की वजह नहीं बनाया. 12वीं तक पढ़ाई करने वाली एक महिला ने खुद अंग्रेजी सीखी, कैमरे के सामने बोलना शुरू किया और फिर उसी अनुभव को अपना काम बना लिया. शुरुआत में जिस काम को लेकर भरोसा नहीं था, वही धीरे-धीरे उनकी पहचान बन गया और फिर एक दिन बॉलीवुड की बड़ी स्टार प्रियंका चोपड़ा ने उनका वीडियो शेयर कर दिया.