यूपी के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार एक अर्टिगा कार अज्ञात ट्रक में पीछे से जा टकराई. इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने प्राथमिक उपचार के लिए सभी घायलों को कुमारगंज के हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां से उन्हें आगे रेफर कर दिया गया है.
जानकारी के अनुसार ये हादसा धनपतगंज थाना क्षेत्र में स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 97.500 के पास का है. जानकारी के मुताबिक अर्टिगा कार में छह लोग सवार थे और सभी लखनऊ से देवरिया की ओर जा रहे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे सेजा घुसी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घायलों में देवरिया जिले के 23 वर्षीय आनंद यादव , 22 वर्षीय राजू और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी 30 वर्षीय जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं.
लखनऊ में टेनिस खेलकर लौट रहे थे देवरिया
प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है. घायल जयंतो शर्मा के मुताबिक वे सभी पेशेवर टेनिस खिलाड़ी हैं और लखनऊ में खेलकर वापस देवरिया लौट रहे थे. सभी नींद में थे और हादसा कैसे हुआ उन्हें खुद नहीं पता चल पाया.
घटना बुधवार भोर की बताई जा रही है. उन्होंने बताया कि कार में छह लोग सवार थे, उनके साथ 22 वर्षीय नित्या प्रजापति , 20 वर्षीय इरफान अंसारी और 24 वर्षीय अनिकेत बताए जा रहे हैं. सभी देवरिया के निवासी थे.