सोशल मीडिया पर रोज हजारों वीडियो आते-जाते रहते हैं, लेकिन कभी-कभी कोई वीडियो ऐसा सामने आ जाता है जो सीधे दिल को छू लेता है. इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें एक पिता अपनी नन्ही बेटी के साथ मस्ती भरे अंदाज में डांस करता नजर आ रहा है. वीडियो देखने के बाद लोग इसे सोशल मीडिया का सबसे प्यारा वीडियो बता रहे हैं.
वीडियो में बेंगलुरु के अक्षय पालीवाल अपनी छोटी बेटी को बेबी कैरियर में सामने बांधे हुए दिखाई देते हैं. बैकग्राउंड में बॉलीवुड का मशहूर गाना 'वो लड़की है कहां' बज रहा है. अक्षय पूरे जोश के साथ उसकी धुन पर थिरक रहे हैं. सबसे प्यारी बात यह है कि उनकी बेटी भी पापा की हर हरकत को देखकर मुस्कुरा रही है और खिलखिलाकर हंस रही है।
अक्षय ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट little_munchkin28 पर शेयर किया है. पोस्ट होते ही वीडियो तेजी से वायरल हो गया. अब तक इसे 2.2 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है और लाखों लोगों ने इसे पसंद किया है.
वीडियो पर यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. किसी ने लिखा कि मेरा दिन बन गया. तो किसी ने कहा कि पिता और बेटी की यह जोड़ी अनमोल है. एक अन्य यूजर ने लिखा कि बच्चों की मुस्कान खूबसूरत दुनिया में कुछ नहीं होता.
देखें वीडियो
लोगों को इस वीडियो की सबसे खास बात इसकी सादगी लग रही है. इसमें कोई दिखावा या बनावटीपन नहीं है.यह सिर्फ एक पिता और उसकी बेटी के बीच के प्यार, अपनापन और खुशी के कुछ खूबसूरत पलों को दिखाता है.शायद यही वजह है कि वीडियो इतनी तेजी से लोगों के दिलों तक पहुंच रहा है.
वीडियो में बज रहा 'वो लड़की है कहां’ गाना साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म दिल चाहता है का है. दो दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी यह गाना लोगों की पसंद बना हुआ है और आज भी सुनते ही चेहरे पर मुस्कान ले आता है.
अक्षय और उनकी बेटी का यह वीडियो एक बार फिर याद दिलाता है कि जिंदगी की असली खुशियां महंगी चीजों में नहीं, बल्कि परिवार के साथ बिताए गए ऐसे छोटे-छोटे और यादगार पलों में छिपी होती हैं.