दुनिया में बिजनेस करने के लिए आइडिया की कमी नहीं है. कुछ आइडिया ऐसे भी होते हैं, जिनमें कमाई तो होती ही है, साथ ही आपका नाम और वीडियो भी वायरल हो जाता है. आज कहानी बैंकॉक के एक ऐसे टैक्सी ड्राइवर की है, जिसकी अनोखी सोच के चर्चे अब सोशल मीडिया पर दुनिया भर में हो रहे हैं.
वीडियो कंटेंट क्रिएटर @floraandnote ने शेयर किया है, जो अपनी रील्स में दुनिया की दिलचस्प और मजेदार चीजें दिखाते रहते हैं. इस बार उन्होंने बैंकॉक के एक टैक्सी ड्राइवर की कैब दिखाई, जिसने अपनी गाड़ी को सिर्फ टैक्सी नहीं, बल्कि एक चलती-फिरती छोटी दुकान बना दिया है. खास बात यह है कि इस 'मिनी मार्ट' में रखा सामान यात्रियों को मुफ्त मिलता है.
क्या है बिजनेस मॉडल?
वीडियो में यात्री ड्राइवर से पूछते हैं कि क्या सच में यहां रखा सारा सामान मुफ्त है. जवाब 'हां' में मिलने पर उनकी हैरानी और बढ़ जाती है. टैक्सी के अंदर टूथब्रश, मोजे, शीशा, बेबी पाउडर और यहां तक कि कैट फूड भी रखा दिखाई देता है. ड्राइवर यात्रियों को पानी और कॉफी भी ऑफर करता है. बताया गया कि यात्रियों को यह अनोखा आइडिया इतना पसंद आता है कि वे अक्सर ड्राइवर को अच्छी टिप दे देते हैं. ड्राइवर उन्हीं टिप्स का इस्तेमाल टैक्सी में रखा सामान दोबारा खरीदने के लिए करता है.
देखें वीडियो
यानी एक तरह से यात्रियों की टिप से ही यह 'फ्री मिनी मार्ट' चलता रहता है. कोई यात्री जरूरत का सामान लेता है, तो कोई दूसरा यात्री टिप देकर अगली बार के लिए उस सामान को फिर से भरने में मदद कर देता है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने इस टैक्सी ड्राइवर की जमकर तारीफ की. किसी ने इसे बेहद क्रिएटिव बताया तो किसी ने लिखा कि ऐसी टैक्सी में सफर करने का अनुभव बिल्कुल अलग होगा.
एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि यह बिल्कुल उसकी पसंद की टैक्सी है. वहीं एक शख्स ने बताया कि वह 35 साल से ज्यादा समय से बैंकॉक आता रहा है, लेकिन उसकी मुलाकात कभी इस ड्राइवर से नहीं हुई. उसने कहा कि अगली यात्रा में वह इस खास टैक्सी को जरूर ढूंढेगा.
यानी एक टैक्सी ड्राइवर ने यात्रियों की छोटी-छोटी जरूरतों को समझकर ऐसा आइडिया निकाला, जिसमें लोगों को मदद भी मिलती है, टिप से उसकी कमाई भी होती है और अब उसका वीडियो दुनिया भर में वायरल भी हो रहा है.