हवाई सफर के दौरान अगर अचानक प्लेन में ऐसी अजीब गंध फैल जाए कि क्रू मेंबर एक-एक करके चक्कर महसूस करने लगें, तो सोचिए यात्रियों की हालत कैसी होगी. कुछ ऐसा ही हुआ अमेरिकन एयरलाइंस की एक इंटरनेशनल फ्लाइट में, जहां रहस्यमयी बदबू फैलने के बाद हालात इतने बिगड़ गए कि पायलट को बीच रास्ते ही विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 25 जुलाई की है. अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 719 इटली की राजधानी रोम से अमेरिका के फिलाडेल्फिया जा रही थी. विमान में कुल 281 यात्री सवार थे. उड़ान शुरू होने के करीब तीन घंटे बाद अचानक केबिन में एक अजीब तरह की गंध फैलने लगी.
इसके कुछ ही देर बाद विमान में मौजूद 9 फ्लाइट अटेंडेंट्स में से 6 की तबीयत बिगड़ने लगी. उन्हें चक्कर आने लगे और असहज महसूस होने लगा. एयरलाइन के मुताबिक शुरुआती जांच में माना गया कि यह गंध विमान में लगे ओवन से आई थी. हालांकि यह साफ नहीं हो पाया कि आखिर वह गंध किस वजह से फैली थी.
प्लेन की करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
स्थिति को देखते हुए पायलट ने कोई जोखिम नहीं लिया और विमान को आयरलैंड की राजधानी डबलिन की ओर मोड़ दिया. वहां सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.
लैंडिंग के बाद पैरामेडिक्स और इमरजेंसी टीम तुरंत विमान तक पहुंची. बीमार पड़े सभी 6 फ्लाइट अटेंडेंट्स और एक यात्री की मेडिकल जांच की गई. राहत की बात यह रही कि जांच के बाद सभी को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी और उन्हें छुट्टी दे दी गई.
एयरलाइन ने यात्रियों के ठहरने के लिए बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के होटल की व्यवस्था की. इसके बाद सभी प्रभावित यात्रियों को अगले दिन फिलाडेल्फिया जाने वाली दूसरी उड़ानों में भेजा गया.
अमेरिकन एयरलाइंस ने कहा कि यात्रियों के सहयोग के लिए वह उनका आभार जताती है और इस पूरी स्थिति में पेशेवर तरीके से काम करने वाले अपने कर्मचारियों की भी सराहना करती है.
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
यह पहली बार नहीं है जब अमेरिकन एयरलाइंस की किसी फ्लाइट में रहस्यमयी गंध की वजह से परेशानी हुई हो. इसी साल जून में न्यूयॉर्क के रोचेस्टर से फिलाडेल्फिया जा रही एयरलाइन की फ्लाइट 5907 को भी बीच रास्ते सिराक्यूज़ में उतारना पड़ा था. उस समय कॉकपिट से तेज गंध आने की शिकायत मिली थी, जिससे दो पायलटों को मतली महसूस होने लगी थी.
यह भी पढ़ें: ये सस्ता जुगाड़ है या फिर मजबूती की ट्रिक? लोग सीमेंट में रस्सी क्यों लगा रहे हैं?
वहीं, पिछले साल नवंबर में ऑरलैंडो से फीनिक्स जा रही अमेरिकन एयरलाइंस की एक अन्य फ्लाइट को भी टेक्सास के ह्यूस्टन में अनियोजित लैंडिंग करनी पड़ी थी. उस उड़ान में भी विमान के अंदर गंध फैलने की शिकायत मिली थी. एहतियात के तौर पर चार फ्लाइट अटेंडेंट्स और एक यात्री को अस्पताल ले जाया गया था.