scorecardresearch
 

Beautiful Islands in Kochi: केरल घूमने जा रहे हैं? कोच्चि के आसपास मौजूद इन 5 खूबसूरत द्वीपों को बिल्कुल न करें मिस

Beautiful Islands in Kochi: अगर आप केरल की अगली ट्रिप में भीड़भाड़ वाले पर्यटन स्थलों से हटकर कुछ नया एक्सप्लोर करना चाहते हैं तो कोच्चि के आसपास बसे खूबसूरत द्वीप आपकी यात्रा को खास बना सकते हैं. यहां आपको शांत बैकवाटर, खूबसूरत प्राकृतिक नजारे, स्थानीय संस्कृति और यहां के टेस्टी खाने का आनंद लेने का मौका मिलेगा.

Advertisement
X
कोच्चि के 5 खूबसूरत आइलैंड (Photo-ITG)
कोच्चि के 5 खूबसूरत आइलैंड (Photo-ITG)

Beautiful Islands in Kochi: केरल घूमने का प्लान बनाते समय ज्यादातर लोग कोच्चि के फोर्ट कोच्चि, चाइनीज फिशिंग नेट और कैफे घूमना पसंद करते हैं. लेकिन अगर आप भीड़भाड़ से दूर कुछ अलग अनुभव करना चाहते हैं तो कोच्चि के आसपास मौजूद खूबसूरत द्वीपों का रुख कर सकते हैं. यहां आपको शांत बैकवाटर, नारियल के पेड़, हरे-भरे खेत, मछुआरों की जिंदगी और केरल की पुरानी परंपराओं को करीब से देखने का मौका मिलेगा.

इन जगहों पर घूमना सिर्फ टूरिस्ट स्पॉट देखने तक सीमित नहीं है. आप साइकिलिंग, बोटिंग, गांव की सैर और स्थानीय खाना चखने जैसे अनुभव भी ले सकते हैं. आइए जानते हैं कोच्चि के आसपास मौजूद 5 ऐसे द्वीपों के बारे में, जिन्हें आप अपनी अगली केरल ट्रिप में शामिल कर सकते हैं.

कडमक्कुडी आइलैंड्स (Kadamakkudy Islands)
कोच्चि से करीब 15 किलोमीटर दूर कडमक्कुडी 14 छोटे-छोटे द्वीपों का समूह है. यह जगह वेम्बनाड झील से घिरी हुई है और अपने शांत माहौल, धान के खेतों, नारियल के पेड़ों और छोटे जलमार्गों के लिए जानी जाती है.

यहां आपको बड़े-बड़े टूरिस्ट स्पॉट की जगह गांव की सादगी देखने को मिलेगी. आप यहां साइकिल किराए पर लेकर घूम सकते हैं, पैदल गांव की गलियों में घूम सकते हैं और मछुआरों को काम करते हुए देख सकते हैं. सूर्योदय और सूर्यास्त के समय यहां का नजारा बेहद खूबसूरत नजर आता है. खेती, मछली पकड़ना, नारियल से जुड़ा काम और ताड़ी निकालना आज भी यहां के लोगों की जिंदगी का हिस्सा है.

Advertisement

कुंबलांगी आइलैंड (Kumbalangi Island)
अगर आप केरल की पारंपरिक मछली पकड़ने की संस्कृति को करीब से देखना चाहते हैं तो कुंबलांगी आपके लिए बेहतर ऑप्शन हो सकता है. यह बैकवाटर गांव अपनी मछली पकड़ने की परंपराओं के लिए जाना जाता है और केरल टूरिज्म के अनुसार इसे भारत का पहला इको-टूरिज्म गांव माना जाता है.

यहां आप पारंपरिक तरीके से मछली पकड़ने का अनुभव ले सकते हैं, नाव की सवारी कर सकते हैं और गांव की सैर कर सकते हैं. इसके अलावा यहां मिलने वाला पारंपरिक केरल खाना भी ट्राई किया जा सकता है. कुंबलांगी के मैंग्रोव से घिरे जलमार्गों में झींगे, केकड़े और छोटी मछलियां पाई जाती हैं. मौसम और परिस्थितियां अनुकूल हों तो यहां पानी में हल्की चमक यानी बायोल्यूमिनेसेंस भी देखने को मिल सकती है.

वायपिन आइलैंड (Vypin Island)
वायपिन कोच्चि के बड़े द्वीपों में से एक है. यह अरब सागर और वेम्बनाड झील के बीच स्थित है और गोश्री ब्रिज के जरिए कोच्चि से जुड़ा हुआ है.

यहां आपको समुद्र का किनारा, मछुआरों के गांव और ऐतिहासिक जगहें देखने को मिलेंगी. अगर आप शांत माहौल चाहते हैं तो द्वीप के मछली पकड़ने वाले गांवों और समुद्र तटों की तरफ जा सकते हैं. इतिहास में दिलचस्पी रखने वाले लोग यहां 16वीं सदी में पुर्तगालियों द्वारा बनाए गए पल्लिपुरम किले को भी देख सकते हैं. यह किला कोच्चि के पुराने समुद्री इतिहास की झलक देता है.

Advertisement

वल्लारपदम आइलैंड (Vallarpadam Island)
वेम्बनाड झील में स्थित वल्लारपदम आइलैंड धार्मिक और आधुनिक कोच्चि का अनोखा मेल दिखाता है. यहां मशहूर वल्लारपदम चर्च यानी बेसिलिका ऑफ अवर लेडी ऑफ रैनसम स्थित है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.

चर्च के अलावा यहां आपको पानी के खूबसूरत नजारे और हरियाली के छोटे-छोटे हिस्से भी देखने को मिलेंगे. अगर आप अपनी ट्रिप में धार्मिक स्थल के साथ कोच्चि के बैकवाटर और आसपास का शांत माहौल देखना चाहते हैं, तो इस जगह को लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.

विलिंगडन आइलैंड (Willingdon Island)
विलिंगडन आइलैंड बाकी जगहों से थोड़ा अलग है, क्योंकि यह प्राकृतिक नहीं बल्कि इंसानों द्वारा बनाया गया द्वीप है. इसे 1936 में कोच्चि पोर्ट के विकास के दौरान समुद्र से निकाली गई मिट्टी और अन्य चीजों की मदद से तैयार किया गया था.

यह द्वीप कोच्चि के पोर्ट, शिपिंग और व्यापारिक इतिहास से गहराई से जुड़ा हुआ है. यहां घूमते हुए आपको शहर के समुद्री विकास और पुराने दौर की झलक देखने को मिल सकती है. अगर आप कोच्चि को सिर्फ समुद्र तट और टूरिस्ट स्पॉट के नजरिए से नहीं, बल्कि उसके पोर्ट और समुद्री इतिहास के जरिए समझना चाहते हैं तो विलिंगडन आइलैंड एक अलग अनुभव दे सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement