Offbeat Village in Himachal: हिमाचल प्रदेश घूमने की बात आते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में शिमला, मनाली या कसोल जैसे नाम आते हैं. लेकिन अगर आप भीड़भाड़ और शोर से दूर पहाड़ों के बीच कुछ दिन सुकून से बिताना चाहते हैं, तो कल्पा आपके लिए शानदार जगह हो सकती है. किन्नौर जिले में बसा यह खूबसूरत गांव अपने शांत माहौल, सेब के बागानों, पुराने पहाड़ी घरों और बर्फ से ढकी चोटियों के लिए जाना जाता है. सर्दियों में घूमने के लिए मनाली और शिमला से हटकर आप कल्पा की ट्रिप प्लान कर सकते हैं, जहां आपको बर्फबारी देखने के साथ-साथ बेहग सुकून भी मिलेगा.
करीब 2,960 मीटर की ऊंचाई पर बसा कल्पा ऐसा लगता है जैसे शहर की भागदौड़ से बहुत दूर कोई अलग दुनिया बसी हो. यहां सुबह की शुरुआत पहाड़ों के खूबसूरत नजारों के साथ होती है और शाम ढलते ही पूरा गांव शांत और ठंडे पहाड़ी माहौल में डूब जाता है.
सामने दिखता है किन्नौर कैलाश का खूबसूरत नजारा
कल्पा की सबसे खास बात यहां से दिखाई देने वाला किन्नौर कैलाश का शानदार नजारा है. साफ मौसम में बर्फ से ढकी चोटियां बेहद खूबसूरत दिखाई देती हैं. पहाड़ों के बीच खड़े होकर इस नजारे को देखना अपने आप में एक अलग अनुभव है. यही वजह है कि प्रकृति और पहाड़ों को पसंद करने वाले यात्रियों के बीच कल्पा खास जगह रखता है.
गांव की गलियों में दिखती है पुरानी पहाड़ी संस्कृति
कल्पा सिर्फ पहाड़ देखने की जगह नहीं है. यहां घूमते हुए आपको पारंपरिक किन्नौरी वास्तुकला, लकड़ी-पत्थर से बने पुराने घर और स्थानीय जीवनशैली भी देखने को मिलती है. सेब के बागानों के बीच बनी छोटी-छोटी पगडंडियां इस गांव की खूबसूरती को और बढ़ा देती हैं.
कल्पा में कहां-कहां घूम सकते हैं?
अगर आप सोच रहे हैं कि कल्पा एक गांव है और वहां पर आपको पहाडों के अलावा कुछ देखने को नहीं मिलेगा. तो ऐसा नहीं है, कल्पा और इसके आसपास कई जगहें हैं, जिन्हें अपनी ट्रिप में शामिल किया जा सकता है, जो आपकी ट्रिप को यादगार बना देंगी.
कल्पा में चखें ये लोकल स्वाद
किसी भी पहाड़ी जगह की ट्रिप स्थानीय खाने के बिना अधूरी रहती है. कल्पा में आपको चिल्टा, सिड्डू और किन्नौरी स्टाइल दाल जैसे स्थानीय डिशेज जरूर ट्राई करने चाहिए. इसके अलावा मौसम के दौरान यहां के ताजे किन्नौरी सेब भी खूब पसंद किए जाते हैं. चिलगोजा और सूखी खुबानी भी यहां के स्थानीय स्वाद का हिस्सा हैं. अगर आपकी अगली पहाड़ों की यात्रा का मकसद सिर्फ घूमना नहीं, बल्कि कुछ दिन शांति से पहाड़ों के बीच जीना है, तो कल्पा को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.