
आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर मध्य प्रदेश के इंदौर शहर सहित देश के प्रमुख शहरों में उत्साह चरम पर है. हालांकि, इस त्योहारी माहौल के बीच सोशल मीडिया और वेबसाइटों पर 'गरबा पार्टनर' और 'डांडिया पार्टनर' के नाम पर ऑनलाइन विज्ञापनों की बाढ़ आ गई है. विज्ञापनों में Find Garba Partner और Find Dandiya Partner जैसे आकर्षक दावे कर यूजर्स को नवरात्रि के दौरान पार्टनर उपलब्ध कराने का लालच दिया जा रहा है.
इन विज्ञापनों की आड़ में होने वाली संभावित धोखाधड़ी को देखते हुए इंदौर क्राइम ब्रांच ने सख्त रुख अपनाया है और आम नागरिकों के लिए एक विस्तृत साइबर एडवाइजरी जारी की है.
देशभर के प्रमुख शहरों को बनाया जा रहा निशाना
इन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स और विज्ञापनों में इंदौर के अलावा अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, जयपुर, भोपाल, मुंबई और दिल्ली-NCR जैसे बड़े मेट्रो शहरों के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं. दावे किए जा रहे हैं कि यूजर्स अपनी पसंद के शहर में डांडिया या गरबा के लिए पार्टनर तलाश सकते हैं.
इतना ही नहीं, कुछ वेबसाइट्स तो पार्टनर मैचिंग के साथ-साथ नवरात्रि फेस्टिवल गाइड, गरबा पास और इवेंट नियमों की जानकारी देने का भी दम भर रही हैं. लेकिन इन सेवाओं की आड़ में डेटा चोरी और वित्तीय ठगी का बड़ा खतरा मंडरा रहा है.

'लुभावने ऑफर के जाल में न फंसें'
इस पूरे मामले की गंभीरता और साइबर अपराधियों के नए हथकंडों को देखते हुए इंदौर पुलिस के एडिशनल डीसीपी (क्राइम) राजेश दंडोतिया ने नागरिकों को आगाह किया है.
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने कहा, सोशल मीडिया और इंटरनेट पर 'गरबा पार्टनर' या 'डांडिया पार्टनर' उपलब्ध कराने के नाम पर चलाए जा रहे विज्ञापन साइबर स्कैमर्स द्वारा फैलाया गया एक जाल हैं. नागरिक इस प्रकार के भ्रामक और लुभावने ऑफर्स के चक्कर में बिल्कुल न पड़ें. किसी भी अनजान लिंक, फर्जी वेबसाइट या ऐप पर अपनी निजी जानकारी शेयर न करें और न ही किसी प्रकार का भुगतान करें, अन्यथा आप किसी बड़ी साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं.''

साइबर एक्सपर्ट्स की सलाह
- वॉट्सएप, इंस्टाग्राम या फेसबुक पर आने वाले 'Find Garba Partner' जैसे लिंक पर क्लिक न करें.
- किसी भी फर्जी ऐप या व्यक्ति को रजिस्ट्रेशन फीस या पास के नाम पर पैसे ट्रांसफर न करें.
- यदि किसी के साथ इस तरह का साइबर फ्रॉड होता है, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं.