Instagram पर अब तक लोग छोटे वीडियो यानी Reels देखने के लिए ज्यादा आते रहे हैं. लेकिन अब कंपनी इस आदत को बदलने की तैयारी कर रही है. Meta के इस ऐप पर जल्द ही लंबे वीडियो, पॉडकास्ट, इंटरव्यू और कॉमेडी शो देखने का नया विकल्प मिल सकता है. Instagram एक ऐसे फीचर की टेस्टिंग कर रहा है, जिसकी मदद से चुनिंदा क्रिएटर्स 90 मिनट तक के वीडियो अपलोड कर सकेंगे.
खास बात यह है कि वीडियो मोबाइल पर देखने के लिए वर्टिकल नहीं, बल्कि टीवी और YouTube की तरह हॉरिजॉन्टल फॉर्मेट में होंगे. इससे इंस्टाग्राम सीधे यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म को चुनौती देने की तैयारी में दिख रहा है. हालांकि, अभी यह फीचर सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है और भारत में इसकी लॉन्च डेट भी घोषित नहीं हुई है.
यह भी पढ़ें: मार्क जकरबर्ग ने चुना 'भारतीय' CEO, कौन हैं सीजे देसाई पर मेटा ने खेला बड़ा दांव, मिली AI की कमान
Instagram पर 90 मिनट के वीडियो कैसे काम करेंगे?
Instagram के प्रमुख Adam Mosseri और कंपनी की प्रोडक्ट वाइस प्रेसिडेंट टेसा लेयॉन्स ने इस नए फीचर के बारे में जानकारी दी है. ‘Features’ के जरिए चुनिंदा क्रिएटर्स 90 मिनट तक के लंबे वीडियो पोस्ट कर सकेंगे. इनमें पॉडकास्ट, इंटरव्यू, कॉमेडी शो और दूसरे लंबे वीडियो शामिल हो सकते हैं.
अभी Instagram पर Reels का इस्तेमाल मुख्य रूप से छोटे वीडियो के लिए होता है. ऐसे में अगर कोई यूजर किसी पॉडकास्ट का छोटा क्लिप देखता है और उसे पूरी बातचीत देखने का मन करता है, तो उसे अक्सर दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाना पड़ता है. नए फीचर के जरिए Instagram इसी परेशानी को दूर करना चाहता है.
यह भी पढ़ें: OnePlus दिवाली सेल, फोन से TWS तक, कई हजार की सेविंग
मसलन, अगर आपको किसी पॉडकास्ट का दो मिनट का क्लिप Reels में पसंद आता है, तो आप उसी क्लिप से पूरा पॉडकास्ट देखने के लिए आगे बढ़ सकेंगे. इसके लिए Instagram से बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी. कंपनी का लक्ष्य छोटे वीडियो और लंबे वीडियो को एक-दूसरे से जोड़ना है, ताकि यूजर ऐप पर ज्यादा तरह का कंटेंट देख सकें.
YouTube को क्यों टक्कर देना चाहता है Instagram?
YouTube लंबे समय से लंबे वीडियो, पॉडकास्ट, इंटरव्यू और क्रिएटर्स के शो देखने का बड़ा प्लेटफॉर्म रहा है. वहीं इंस्टाग्राम की पहचान छोटे वीडियो, फोटो और दोस्तों के साथ कंटेंट शेयर करने वाले ऐप के रूप में बनी है. अब कंपनी लंबे वीडियो को भी अपने प्लेटफॉर्म पर जगह देना चाहती है.
यह भी पढ़ें: शॉर्ट वीडियोज के ट्रेंड के चक्कर में Meta ने फेसबुक की पहचान ही बदल दी, नए बदलाव जान कर होंगे हैरान
इसकी एक बड़ी वजह दर्शकों का ध्यान अपने ऐप पर बनाए रखना है. कोई यूजर इंस्टाग्राम पर किसी वीडियो का छोटा हिस्सा देखता है, लेकिन पूरा वीडियो देखने के लिए YouTube पर चला जाता है. इससे इंस्टाग्राम पर उसका समय कम हो सकता है. ‘Features’ के जरिए कंपनी चाहती है कि यूजर छोटे क्लिप से लेकर पूरा शो तक एक ही ऐप पर देख सके.
यह बदलाव क्रिएटर्स के लिए भी अहम हो सकता है. पॉडकास्ट बनाने वाले, कॉमेडियन और इंटरव्यू करने वाले लोग अब अपने लंबे वीडियो के साथ छोटे क्लिप भी जोड़ सकेंगे. इससे उन्हें नए दर्शकों तक पहुंचने का एक और रास्ता मिल सकता है.
Reels से पूरा वीडियो देखने का मिलेगा विकल्प
इंस्टाग्राम सिर्फ लंबे वीडियो अपलोड करने की सुविधा पर काम नहीं कर रहा है. कंपनी ‘Clips as Reels’ नाम के विकल्प की भी टेस्टिंग कर रही है. इसके जरिए क्रिएटर्स अपने लंबे वीडियो से अधिकतम आठ छोटे Reels क्लिप जोड़ सकेंगे.
इसका फायदा यह होगा कि किसी लंबे वीडियो का छोटा और दिलचस्प हिस्सा देखने वाले यूजर को पूरा वीडियो देखने का विकल्प मिल सकता है. उदाहरण के लिए, किसी इंटरव्यू में कोई खास सवाल या जवाब वायरल होता है, तो उस क्लिप से दर्शक पूरा इंटरव्यू भी देख सकेंगे.
सिर्फ लंबे वीडियो नहीं, सीरीज और लाइव वीडियो पर भी काम
इंस्टाग्राम वीडियो देखने के एक्सपीरिएंस को बेहतर बनाने के लिए दूसरे फीचर्स पर भी काम कर रहा है. इनमें ‘Series’ नाम का विकल्प शामिल है, जो क्रिएटर्स को एक ही विषय से जुड़े कई Reels को एक जगह रखने में मदद करेगा.
उदाहरण के लिए, अगर कोई क्रिएटर हर हफ्ते किसी विषय पर नया वीडियो बनाता है, तो दर्शक उसकी पूरी सीरीज आसानी से देख सकेंगे. इससे कहानी, कॉमेडी शो और एपिसोड के रूप में बनाए गए कंटेंट को व्यवस्थित करना आसान हो सकता है.
कंपनी लाइव वीडियो की पहुंच बढ़ाने पर भी काम कर रही है. इसके तहत Reels टैब में ऐसे लाइव वीडियो दिखाने की टेस्टिंग की जा रही है, जिन्हें देखने वाले लोग उस क्रिएटर को फॉलो नहीं करते. इससे क्रिएटर्स को नए दर्शक मिल सकते हैं.
भारत में कब आएगा Instagram का 90 मिनट वाला फीचर?
फिलहाल ‘Features’ की टेस्टिंग अमेरिका के कुछ चुनिंदा क्रिएटर्स के साथ की जा रही है. इससे पहले कंपनी ब्राजील में भी इस फीचर का टेस्टिंग कर चुकी है. इंस्टाग्राम ने आने वाले महीनों में इसे और क्रिएटर्स तक पहुंचाने की योजना बताई है. लेकिन भारत में इसे कब लॉन्च किया जाएगा, इसकी आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है.