दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलॉन मस्क का Starlink सिर्फ एक इंटरनेट सर्विस लॉन्च करने की तैयारी नहीं कर रहा. उसके सामने अब एक ऐसी रेस है जिसमें समय बहुत मायने रखता है. एक तरफ Starlink भारत में अपनी कमर्शियल सर्विस शुरू करने की आखिरी मंजूरियों का इंतजार कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ Reliance Jio ने भारत के सैटेलाइट इंटरनेट बाजार के लिए करीब 1,600 सैटेलाइट और 23 ग्राउंड स्टेशन का बड़ा प्लान सामने रख दिया है.
मस्क पहले भारत में Starlink की देरी को लेकर 'ओलिगार्क्स' पर भड़के. फिर सरकार ने उनके आरोपों को खारिज किया. इसके कुछ ही घंटे बाद मस्क ने सीधे सवाल कर दिया- "Is Ambani the real boss of India?" यानी क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं?
यह भी पढ़ें: ‘क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं?’ एलॉन मस्क के X पर पूछा सवाल, Starlink पर बढ़ा विवाद
सवाल यह है कि आखिर मस्क इतना नाराज क्यों हैं? क्या उन्हें लगता है कि भारत में मंजूरियों में देरी सिर्फ रेगुलेटरी प्रक्रिया है या इसके पीछे कारोबारी हित भी काम कर रहे हैं? और सबसे अहम, क्या Starlink की देरी का फायदा Jio को मिल रहा है और क्या मस्क को डर है कि भारत उसे फर्स्ट मूवर एडवांटेड नहीं देगा?
इस सवाल का जवाब अभी किसी के पास पक्के तौर पर नहीं है. लेकिन घटनाक्रम को एक साथ देखें तो तस्वीर काफी दिलचस्प जरूर बनती है.
पहले समझिए Jio ने ऐसा क्या ऐलान किया है
India Mobile Congress 2026 में Reliance Jio ने अपने सैटेलाइट इंटरनेट विजन को पहली बार इतने बड़े पैमाने पर सामने रखा. कंपनी करीब 1,600 Low Earth Orbit यानी LEO सैटेलाइट का नेटवर्क बनाने की योजना बता रही है. इसके साथ देशभर में 23 ग्राउंड स्टेशन बनाने का प्लान है.
Jio का दावा है कि यह नेटवर्क भारत के जमीन और समुद्र दोनों हिस्सों में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. कंपनी की नजर 6 लाख से ज्यादा गांवों तक कनेक्टिविटी पहुंचाने पर है. दूरदराज के गांव, द्वीप और बॉर्डर इलाके इसके खास टारगेट होंगे.
यह भी पढ़ें: एलन मस्क के 'अंबानी रियल बॉस' वाली पोस्ट पर राहुल गांधी का कमेंट, कहा- इंतजार कीजिए...
लेकिन Jio की योजना सिर्फ आसमान से इंटरनेट बरसाने की नहीं है. कंपनी अपने मौजूदा मोबाइल और फाइबर नेटवर्क को सैटेलाइट नेटवर्क के साथ जोड़ना चाहती है. यानी जहां Jio के टावर और फाइबर पहुंच चुके हैं, वहां जमीन का नेटवर्क काम करेगा और जहां ऐसा करना मुश्किल या बहुत महंगा है, वहां सैटेलाइट मदद करेगा.
Jio ने इसके इस्तेमाल की कल्पना एंटरप्राइज, एविएशन, समुद्री सेवाओं, सरकार, डिफेंस और आपदा के समय कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में भी की है. ग्रामीण इलाकों के लिए Direct-to-Device calling भी इसके विजन में शामिल है. यानी Jio की तैयारी छोटी नहीं है. कंपनी सैटेलाइट को अपने मौजूदा टेलीकॉम नेटवर्क का अगला हिस्सा बनाना चाहती है.
Starlink इस रेस में Jio से काफी पहले तैयारी शुरू कर चुका था.
मस्क की कंपनी करीब पांच साल से भारत में एंटर करने की कोशिश कर रही है. उसे GMPCS लाइसेंस मिल चुका है और IN-SPACe से भी जरूरी मंजूरी मिल चुकी है. कंपनी ने भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार किया है. Starlink के मुताबिक देश में करीब 20 गेटवे साइट्स बनाई जा चुकी हैं और सैकड़ों एंटीना लगाए गए हैं. फिर भी कमर्शियल लॉन्च नहीं हुआ है.
यानी एक तरफ स्टारलिंक कह रहा है कि उसने भारत के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर और सिक्योरिटी सिस्टम पर काफी काम कर लिया है, दूसरी तरफ Jio अब 1,600 सैटेलाइट वाले अपने बड़े विजन के साथ सामने आ गया है. यहीं से फर्स्ट-मूवर एडवांटेज का सवाल पैदा होता है.
फर्स्ट-मूवर एडवांटेज आखिर इतना बड़ा क्यों है?
सैटेलाइट इंटरनेट कोई ऐसा कारोबार नहीं है जिसमें कंपनी आज लॉन्च करे और अगले दिन करोड़ों ग्राहक मिल जाएं. इसमें सैटेलाइट, ग्राउंड स्टेशन, स्पेक्ट्रम, लोकल इंफ्रास्ट्रक्चर, डिस्ट्रीब्यूशन और ग्राहक टर्मिनल जैसी पूरी व्यवस्था बनानी पड़ती है. जो कंपनी पहले बाजार में आती है, उसे कई फायदे मिल सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Jio का खास रिचार्ज, मिलेगा 200GB डेटा और 90 दिन की वैलिडिटी
वह पहले ग्राहकों को जोड़ सकती है. उसे सरकार और रेगुलेटर्स के साथ काम करने का शुरुआती अनुभव मिल सकता है. वह अपने हार्डवेयर और सर्विस की कीमत के हिसाब से बाजार की उम्मीद तय कर सकती है. सबसे अहम, वह उन ग्राहकों और इलाकों में अपनी जगह बना सकती है जहां अभी तेज इंटरनेट का विकल्प सीमित है.
Starlink के लिए भारत में यह और महत्वपूर्ण है क्योंकि कंपनी पहले से दुनिया के कई देशों में काम कर रही है. उसका नेटवर्क और ब्रांड तैयार है.
अगर उसे भारत में जल्दी लॉन्च मिल जाता, तो Jio के बड़े सैटेलाइट प्लान के पूरी तरह जमीन पर उतरने से पहले वह बाजार में अपनी मौजूदगी मजबूत कर सकता था. लेकिन अभी कहानी उलटी दिशा में जाती दिख रही है.
क्या इसी वजह से मस्क का पारा चढ़ा हुआ है?
यह कहना कि मस्क सिर्फ Jio की वजह से नाराज हैं, अभी सही नहीं होगा. ऐसा कोई सार्वजनिक सबूत नहीं है. लेकिन उनके लगातार बयान यह जरूर बताते हैं कि Starlink की भारत में देरी से वह बेहद परेशान हैं.
मस्क ने पहले आरोप लगाया कि कुछ 'ओलिगार्क्स' Starlink को भारत में आने से रोक रहे हैं ताकि उनका 'मोनोपॉली' बना रहे. उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया. इसके बाद सरकार ने कहा कि भारत की सैटेलाइट कम्युनिकेशन नीति निष्पक्ष और गैर-भेदभाव वाली है.
सरकार के मुताबिक Starlink, Jio Satcom और Bharti समर्थित Eutelsat OneWeb सभी एक जैसी रेगुलेटरी प्रक्रिया में हैं और तीनों के लिए सुरक्षा जांच चल रही है. सुरक्षा मंजूरी के बाद ही स्पेक्ट्रम से जुड़ा अगला चरण आगे बढ़ेगा. मस्क इससे संतुष्ट नहीं हुए. उन्होंने अगली पोस्ट में सीधे पूछा कि Starlink को 165 से ज्यादा देशों में लाइसेंस मिल चुका है और कंपनी पांच साल से भारत के हर कानून और जरूरत को पूरा करने की कोशिश कर रही है, तो फिर अभी तक मंजूरी क्यों नहीं मिली.