पंजाब के फरीदकोट में सरकारी ब्रजिंद्रा कॉलेज की BA छात्रा अदिती की मौत के बाद छात्र संगठन सड़क पर उतर आया है. परिवार और छात्र संगठन की ओर से आरोप लगाया गया है कि अदिती को कॉलेज आते-जाते समय कुछ शरारती लड़के परेशान करते थे. इसी परेशानी के चलते उसने मंगलवार को अपने घर में आत्महत्या कर ली. अदिती स्थानीय सरकारी ब्रजिंद्रा कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी. बताया गया कि कॉलेज आने-जाने के दौरान कॉलेज के बाहर कुछ लड़के उसे अक्सर परेशान करते थे. परिवार इस घटना के बाद बेहद सहमा हुआ है. अदिती की मौत के बाद अब यह मामला सिर्फ एक परिवार तक सीमित नहीं रहा. पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन ने इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई है.
पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन के छात्र आज सड़क पर उतरे और अदिती को न्याय दिलाने की मांग की. छात्रों ने घटना को लेकर रोष जताया और कॉलेज तथा उसके आसपास छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए. यूनियन की ओर से फरीदकोट के एसएसपी को मांगपत्र सौंपा गया. इसमें मांग की गई कि अदिती की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए. पीएसयू की छात्रा हरवीर कौर ने कहा कि यूनियन ने एक छात्रा की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर जिला पुलिस प्रमुख को मांगपत्र दिया है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलना चाहिए और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए.
कॉलेज के बाहर लड़कियों को परेशान करने का आरोप
पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन ने आरोप लगाया कि कॉलेजों और स्कूलों के बाहर लड़कियों को परेशान करने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं. संगठन का कहना है कि ऐसी घटनाओं के कारण छात्राओं में डर का माहौल है. छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज के आसपास शरारती लड़के लड़कियों को परेशान करते हैं. इतना ही नहीं, कुछ लड़कों के कॉलेज की दीवार फांदकर अंदर आने का भी आरोप लगाया गया. यूनियन का कहना है कि ऐसे तत्व छात्राओं के मोबाइल नंबर हासिल करके उन्हें फोन और अन्य माध्यमों से परेशान करते हैं. छात्रों ने दावा किया कि इस तरह की घटनाओं की शिकायतें होने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने से ऐसे लोगों के हौसले बढ़ते हैं.
प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा ने दावा किया कि उसके साथ भी ऐसी ही घटना हुई थी. छात्रा के मुताबिक उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और आरोपियों से जुड़ी CCTV फुटेज भी पुलिस को दी गई थी. इसके बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. छात्रों का कहना है कि शिक्षण संस्थानों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस और कॉलेज प्रशासन को गंभीर कदम उठाने की जरूरत है. पीएसयू ने मांग की है कि कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों के बाहर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए. इसके अलावा मनचलों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, कॉलेज के मुख्य गेटों पर CCTV निगरानी व्यवस्था मजबूत करने और छात्राओं के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी करने की मांग भी की गई है.
पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर अदिती की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो छात्र बड़ा संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे. हरवीर कौर ने कहा कि अदिती को न्याय दिलाने तक यूनियन छात्रों के साथ संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने कहा कि कॉलेजों और स्कूलों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए. यूनियन ने कहा कि अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की और लड़कियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में छात्र सड़कों पर उतरेंगे.
इस पूरे मामले में पुलिस ने भी अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस के आला अधिकारी और फरीदकोट के एसपी नरिंदर सिंह ने बताया कि मृतका अदिती के पिता की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. एसपी के मुताबिक पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और जो भी व्यक्ति इस घटना के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
एसपी नरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति जिम्मेदार पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और जांच आगे बढ़ाई जा रही है. वहीं, पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कॉलेज के आसपास छात्राओं की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है. अदिती की मौत के बाद परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है, जबकि छात्र संगठन ने साफ किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)