scorecardresearch
 

UP के एटा में डेंगू का कहर! ग्रामीण बोले- महीनेभर में 18 मौतें, आज 2 और जान गई

एटा के एक गांव में डेंगू और बुखार से लगातार मौतों को लेकर दहशत का माहौल है. ग्रामीण एक महीने में 18 से ज्यादा मौतों का दावा कर रहे हैं, जबकि प्रशासन ने 12 मौतों की बात कह रही है. गांव में मेडिकल कैंप लगाया गया है, लेकिन जांच और इलाज को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं. वहीं, अधिकारी दूषित पानी से बचने की अपील कर रहे हैं.

Advertisement
X
सरकारी जांच पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल.(Photo: Devesh Pal Singh/ITG)
सरकारी जांच पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल.(Photo: Devesh Pal Singh/ITG)

उत्तर प्रदेश के एटा के एक गांव में डेंगू और बुखार से लगातार हो रही मौतों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. ग्रामीणों का दावा है कि पिछले करीब एक महीने में 18 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है. बुधवार को भी दो लोगों की मौत होने की बात सामने आई. लगातार मौतों के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है.

ग्रामीणों के मुताबिक, मरने वालों में बड़ी संख्या जवान लोगों की है. हालात ऐसे हैं कि डेंगू के डर से कुछ परिवार गांव छोड़कर रिश्तेदारों के यहां शरण लेने को मजबूर हो गए हैं. लोगों का आरोप है कि इतनी मौतों के बावजूद सरकारी स्तर पर प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए.

यह भी पढ़ें: 'दहेज में कार नहीं मिली तो बोला तीन तलाक': शादी के 2 महीने बाद ही एटा की मंतसा सैफी को प्रताड़ित कर घर से निकाला

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने गांव में डॉक्टरों की टीम भेजी है और मेडिकल कैंप लगाया गया है. यहां बुखार समेत दूसरी बीमारियों से पीड़ित लोगों की जांच कर दवाएं दी जा रही हैं. हालांकि, ग्रामीण इस व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं. उनका आरोप है कि कैंप में महज एक-दो गोलियां देकर खानापूर्ति की जा रही है.

Advertisement

सरकारी जांच पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

ग्रामीणों का सबसे गंभीर आरोप डेंगू की जांच को लेकर है. उनका कहना है कि सरकारी कैंप में कराई गई जांच में रिपोर्ट निगेटिव आती है, जबकि निजी अस्पताल में जांच कराने पर डेंगू की पुष्टि हो रही है. इसी मुद्दे को लेकर लोगों में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ खासा आक्रोश है.

आजतक की टीम जब गांव के जीरो पॉइंट पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत की, तो उनका दर्द और गुस्सा दोनों सामने आया. लोगों ने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया. ग्रामीणों का कहना है कि मौतों का सिलसिला जारी रहने के बावजूद बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए.

वहीं, जिला प्रशासन ग्रामीणों के दावे से अलग 12 मौतों की बात कह रहा है. सीडीओ राजेंद्र मिश्रा के मुताबिक, मृतकों में 4 से 5 बुजुर्ग शामिल हैं. उनका कहना है कि सभी मौतों को डेंगू से जोड़ना सही नहीं होगा, क्योंकि कुछ लोगों की जान अन्य बीमारियों की वजह से भी गई है.

दूषित पानी से बचने की अपील

जिला प्रशासन गांव में लोगों को जागरूक कर रहा है कि दूषित पानी से दूर रहें और पानी को उबालकर ही पिएं. अधिकारियों ने दूषित जलस्रोत वाले नलों को चिन्हित किया है और ग्रामीणों से इनका पानी इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है. प्रशासन की ओर से बीमारी की वजह और मौतों के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है.

Advertisement

स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल कैंप में मरीजों की जांच और इलाज जारी है, लेकिन ग्रामीणों का भरोसा अभी पूरी तरह नहीं लौट पाया है. अधिकारियों के गांव पहुंचने पर लोगों का सब्र भी टूट गया और उन्होंने उनके सामने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की. ग्रामीण बीमारी से जल्द राहत और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं.

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि गांव में लगातार हो रही मौतों की असली वजह क्या है. क्या ये सभी मौतें डेंगू की वजह से हुई हैं या इसके पीछे दूसरी बीमारियां और दूषित पानी भी जिम्मेदार हैं? ग्रामीणों को इस सवाल के स्पष्ट जवाब और बीमारी पर पुख्ता नियंत्रण का इंतजार है.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement