scorecardresearch
 

पर्थ टेस्ट: दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराया

वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट एसोसिएशन मैदान पर खेले गए श्रृंखला के तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 309 रनों से पराजित कर दिया.

Advertisement
X
साउथ अफ्रीकी क्रिकेट टीम
साउथ अफ्रीकी क्रिकेट टीम

वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट एसोसिएशन (वाका) मैदान पर खेले गए श्रृंखला के तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 309 रनों से पराजित कर दिया.

इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला 1-0 से अपने नाम कर ली. दक्षिण अफ्रीका की ओर से रखे गए रिकॉर्ड 632 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 322 रनों पर ढेर हो गई. उसकी ओर से मिशेल स्टार्क ने सबसे अधिक नाबाद 68 रन बनाए. स्टार्क ने अपनी इस पारी के दौरान 43 गेंदों पर नौ चौके और दो छक्के लगाए.

इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक बिना कोई विकेट गवाएं 40 रन बना लिए थे. कल के नाबाद लौटे बल्लेबाज एड कोवान (9) और डेविड वार्नर (29) ने चौथे दिन के खेल की शुरुआत की.

वार्नर अपने निजी रन संख्या में बिना कोई इजाफा किए वर्नेन फिलेंडर की गेंद पर कप्तान ग्रीम स्मिथ को कैच थमाकर चलते बने.

Advertisement

शेन वाटसन के रूप में ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा जब 29 रन के निजी योग पर उन्हें मोर्ने मोर्कल ने स्मिथ के हाथों कैच कराया. अपना अंतिम टेस्ट मैच खेल रहे पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग आठ रन बनाकर आउट हुए. उन्हें रॉबिन पीटरसन ने जैकस कैलिस के हाथों कैच कराया.

कोवान (53), कप्तान माइकल क्लार्क (44), माइकल हसी (26), मैथ्यू वेड (10), मिशेल जॉन्सन (तीन), जॉन हेस्टिंग्स (20) और नेथन लियोन ने (31) रन बनाए.

दक्षिण अफ्रीका की ओर से डेल स्टेन और पीटरसन ने तीन-तीन जबकि फिलेंडर और मोर्कल ने दो-दो विकेट झटके.

उल्लेखनीय है कि दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 225 रन बनाए थे. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 163 रनों पर सिमट गई थी. इस प्रकार दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 62 रनों की बढ़त प्राप्त थी. दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 569 रन बनाए थे.

Advertisement
Advertisement