scorecardresearch
 

CWG 2026: बॉक्सिंग में 7 गोल्ड मेडल जीतकर भारत ने रचा इतिहास, टॉप-4 में एंट्री, रिंग में सचिन का धमाका!

आज यानी शनिवार को बॉक्सिंग में भारतीय बॉक्सरों का दबदबा देखने को मिला. महज 15 मिनट के अंदर दो भारतीय महिला बॉक्सर ने बैक टू बैक गोल्ड जीतकर भारत को मेडल टैली में ऊपर लाने का काम किया.

Advertisement
X
भारत का धमाकेदार प्रदर्शन (PHOTO: PTI)
भारत का धमाकेदार प्रदर्शन (PHOTO: PTI)

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का 10वां दिन भारत के लिए अब तक कमाल का रहा है. शनिवार यानी 1 अगस्त का दिन भारतीय खेल के लिए यादगार रहा है. भारत ने शनिवार को अब तक कुल 13 मेडल जीत लिए हैं. शनिवार का दिन बॉक्सर के नाम रहा. महिला बॉक्सरों के धमाकेदार प्रदर्शन के बाद भारत के सचिन सिवाच पुरुष 60 किग्रा वर्ग में नामीबिया के ट्राईगेन मॉर्निंग नदेवेलो के खिलाफ फाइनल जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया.

भारत ने पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों के एक ही संस्करण में बॉक्सिंग में रिकॉर्ड 7 गोल्ड मेडल अपने नाम कर इतिहास रच दिया है. पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग के फाइनल मुकाबले में सचिन सिवाच ने नामीबिया के ट्राईगेन मॉर्निंग नदेवेलो को शिकस्त देकर भारत की झोली में एक और गोल्ड मेडल डाला.

वहीं महिला मुक्केबाजों ने रिंग में अपना पूरा दबदबा बनाए रखा. शनिवार को अरुंधति चौधरी, प्रीति पवार, जैस्मिन लांबोरिया, साक्षी चौधरी और प्रिया घंघास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. इसके अलावा स्टार मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने भी दमदार खेल दिखाते हुए भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता.

शनिवार को खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन के दम पर भारत अब 12 गोल्ड, 16 सिल्वर और 8 ब्रॉन्ज के साथ कुल 36 मेडल हासिल कर मेडल टैली में चौथे स्थान पर पहुंच गया है. शुक्रवार को इवेंट खत्म होने तक भारत 10वें स्थान पर था, लेकिन लगातार मेडल जीतकर अब भारत ने अपनी स्थिति को और मजबूत कर ली है.

Advertisement

एक अगस्त को रिंग में भारतीय बॉक्सरों का दबदबा पूरी तरह कायम रहा. भारत को रिंग से दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल मिला. भारत की प्रीति पवार ने कनाडा की स्कार्लेट डेलगाडो को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से धूल चटाकर देश को दिन का पहला मुक्केबाजी गोल्ड दिलाया. पांचों जजों ने तीनों राउंड में प्रीति के पक्ष में 10-10 अंक दिए.

इसके बाद प्रीति के नक़्शे-क़दम पर चलते हुए जैस्मिन लंबोरिया ने नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकेला वॉल्श को सर्वसम्मति (5-0) से हराकर भारत की झोली में ओवरऑल सातवां और बॉक्सिंग का दूसरा गोल्ड मेडल डाला. दूसरी तरफ पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग के फाइनल में जादूमणि को ऑस्ट्रेलिया के झाई डिक्सन के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा.

पैरा-एथलेटिक्स के शॉट पुट (F57) इवेंट में भारतीय एथलीटों ने इतिहास रचते हुए टॉप की दोनों स्थान पर कब्ज़ा जमाया. सोमन राणा ने अपने दूसरे प्रयास में 13.40 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंककर भारत को आठवां गोल्ड मेडल दिलाया. वहीं, शुभम जुयाल ने अपने आखिरी प्रयास में 13.28 मीटर का थ्रो फेंककर सिल्वर मेडल अपने नाम किया.

Advertisement

पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में भारत को बड़ी सफलता मिली. प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल हासिल किया. युवा एथलीट सेल्वा प्रभु ने 16.52 मीटर के प्रयास के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता.

गोल्ड मेडल पर इन खिलाड़ियों का कब्जा

मीराबाई चानू – महिला 48 किग्रा (वेटलिफ्टिंग)
शर्मिला धनखड़ – महिला शॉट पुट F57 (पैरा एथलेटिक्स)
दिलीप महादू गावित – पुरुष 100 मीटर T47 (पैरा एथलेटिक्स)
अस्मिता डे – महिला 48 किग्रा (जूडो)
हर्ष सिंह – पुरुष 60 किग्रा (जूडो)
प्रीति पवार – महिला 54 किग्रा (मुक्केबाजी)
जैस्मिन लंबोरिया – महिला 57 किग्रा (मुक्केबाजी)
सोमन राणा – पुरुष शॉट पुट F57 (पैरा एथलेटिक्स)

जूडो में महिला 63 किग्रा वर्ग में उन्नति शर्मा ने न्यूजीलैंड की कोना क्रिस्टी को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. वहीं, हर्ष टोकस (81 किग्रा), इनुनगांबी तखेलाबाम (70 किग्रा) और करणजीत सिंह मान (90 किग्रा) अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मैच हार गए हैं, हालांकि उनके पास रेपचेज के जरिए ब्रॉन्ज मेडल जीतने का मौका रहेगा. पुरुषों की स्प्रिंट स्पर्धा के क्वालिफाइंग दौर में डेविड बैकहम, रोनाल्डो सिंह और रोहित सिंह शीर्ष 16 में जगह नहीं बना सके और प्रतियोगिता से बाहर हो गए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement