scorecardresearch
 

'मेरे दोस्त, तुम इसके हकदार हो!' हैरी केन की ऐतिहासिक जीत, विराट के मैसेज में दिखा खास रिश्ता

विराट कोहली ने हैरी केन को बैलन डी'ओर जीतने पर बधाई दी और उन्हें अपना दोस्त बताया. केन 2001 में माइकल ओवेन के बाद यह पुरस्कार जीतने वाले पहले इंग्लिश फुटबॉलर बने.

Advertisement
X
हैरी केन को विराट ने क्यों कहा अपना दोस्त? (Photo: X@ballondor/Getty)
हैरी केन को विराट ने क्यों कहा अपना दोस्त? (Photo: X@ballondor/Getty)

क्रिकेट के मैदान पर अपने बल्ले से दुनिया को दीवाना बनाने वाले विराट कोहली का दिल फुटबॉल के एक सुपरस्टार के लिए धड़का है. हैरी केन ने बैलन डी'ओर जीतकर इतिहास रचा, तो विराट भी खुद को बधाई देने से रोक नहीं पाए. कोहली ने केन को 'मेरे दोस्त' कहकर जो संदेश लिखा, उसमें तारीफ भी थी, अपनापन भी और उनके शानदार सफर को सलाम भी. विराट ने साफ कहा- हैरी, तुम इस अवॉर्ड के हर हिस्से के हकदार हो.

विराट कोहली ने इंग्लैंड के स्टार फुटबॉलर हैरी केन को बैलन डी'ओर जीतने पर खास अंदाज में बधाई दी है. कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर केन को अपना दोस्त बताते हुए उनकी मेहनत, संघर्ष और ईमानदारी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि केन इतने सालों तक फुटबॉल के शीर्ष स्तर पर खेलने के बाद इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के पूरी तरह हकदार हैं.

कोहली ने लिखा, 'हैरी, मेरे दोस्त, तुम अपनी मेहनत, संघर्ष और ईमानदारी के दम पर इतने सालों तक फुटबॉल के शीर्ष स्तर पर जिस तरह खेले हो, उसके लिए इस अवॉर्ड के हर हिस्से के हकदार हो. तुम्हारे लिए मैं बेहद खुश हूं. भगवान तुम्हें और तुम्हारे परिवार को आशीर्वाद दे. तुम्हारे परिवार को तुम पर गर्व होगा, ठीक वैसे ही जैसे तुम्हें अपने इस सफर पर गर्व है. मेरी शुभकामनाएं हमेशा तुम्हारे साथ हैं. बधाई.'

Advertisement

हैरी केन ने मंगलवार को बैलन डी'ओर जीतकर इतिहास रच दिया. वह 2001 में माइकल ओवेन के बाद यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतने वाले पहले इंग्लिश फुटबॉलर बने. 33 साल के केन ने इस दौड़ में रियल मैड्रिड के किलियन एम्बाप्पे और विश्व कप विजेता लामिन यामल को पीछे छोड़ा. एम्बाप्पे दूसरे और यामल तीसरे स्थान पर रहे.

बायर्न म्यूनिख के लिए भी खास उपलब्धि

केन को पुरुष स्ट्राइकर ऑफ द ईयर का पुरस्कार भी मिला. वह 1980 और 1981 में लगातार दो बार यह सम्मान जीतने वाले कार्ल-हेंज रुमेनिगे के बाद बैलन डी'ओर जीतने वाले बायर्न म्यूनिख के पहले खिलाड़ी बने. केन यह पुरस्कार जीतने वाले पांचवें इंग्लिश खिलाड़ी हैं. उनसे पहले स्टेनली मैथ्यूज, बॉबी चार्ल्टन, केविन कीगन और माइकल ओवेन यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.

केन ने पिछले सीजन में क्लब और देश के लिए कुल 65 मुकाबलों में 73 गोल किए. उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत बायर्न म्यूनिख ने बुंदेसलीगा और जर्मन कप का खिताब जीता. क्लब ने जर्मन सुपर कप भी अपने नाम किया. जर्मन कप के फाइनल में केन ने स्टटगार्ट के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी.

विश्व कप में भी केन का प्रदर्शन शानदार रहा. उन्होंने छह गोल दागकर गैरी लिनेकर को पीछे छोड़ा और विश्व कप में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बने. वह विश्व कप के इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी शीर्ष पांच में पहुंच गए. हालांकि, सेमीफाइनल में अर्जेंटीना से हारने के बाद इंग्लैंड को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा.

Advertisement

एक सीजन में गोल करने के मामले में लियोनेल मेसी अब भी केन से आगे हैं. मेसी ने 2011-12 सीजन में 82 गोल किए थे. इस बार बैलन डी'ओर की दौड़ में वह पांचवें स्थान पर रहे.

महिला वर्ग में एलेक्सिया पुटेलास की हैट्रिक

महिला वर्ग में स्पेन की एलेक्सिया पुटेलास ने तीसरी बार बैलन डी'ओर जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की. उन्होंने पिछले सीजन में अपने पूर्व क्लब बार्सिलोना को महिला चैंपियंस लीग समेत कई खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. वह पिछले ऑफसीजन में लंदन सिटी लायनेस से जुड़ी थीं और स्पेन की महिला टीम को नेशंस लीग का खिताब दिलाने में भी योगदान दिया था.

32 साल की पुटेलास ने अपनी हमवतन एताना बोनमती के लगातार तीन साल से चले आ रहे दबदबे को खत्म किया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement