भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने FIFA वर्ल्ड कप 2026 से पुर्तगाल के बाहर होने के बाद फुटबॉल महानायक क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए एक भावुक पोस्ट साझा की है.
7 जुलाई (मंगलवार) को डलास स्टेडियम में राउंड ऑफ-16 मुकाबले में स्पेन से 0-1 की हार के साथ पुर्तगाल का FIFA वर्ल्ड कप 2026 का सफर समाप्त हो गया है.
रोनाल्डो के बड़े प्रशंसक माने जाने वाले सिराज ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'एक मैच कभी भी किसी खिलाड़ी की महानता तय नहीं कर सकता. आपने करोड़ों लोगों को सपने देखना सिखाया है और आपकी विरासत हमेशा अमर रहेगी.'

सिराज ने आगे कहा, 'रोनाल्डो सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और कभी हार न मानने की सोच के प्रतीक हैं. उन्होंने लिखा कि दुनिया भर के करोड़ों फैन्स की तरह वह भी हमेशा अपने आदर्श के साथ खड़े रहेंगे.'
सिराज ने कभी भी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के प्रति अपनी दीवानगी नहीं छिपाई. भारतीय तेज गेंदबाज अक्सर विकेट लेने के बाद रोनाल्डो के मशहूर 'Siuuu' सेलिब्रेशन को दोहराते हैं. उनका ट्रेडमार्क जंप और लैंडिंग वाला अंदाज क्रिकेट मैदान पर भी कई बार देखने को मिला है.
41 साल के रोनाल्डो ने भी पुर्तगाल की हार के बाद भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने देश के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और उन्हें अपने करियर पर गर्व है.
A late winner to secure a spot in the quarter-finals! 🇪🇸#FIFAWorldCup
— FIFA World Cup (@FIFAWorldCup) July 6, 2026
हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि 2026 उनका आखिरी फीफा वर्ल्ड कप था, लेकिन इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास पर अंतिम फैसला बाद में लेंगे. सिराज का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. क्रिकेट और फुटबॉल के प्रशंसक उनके इस भावुक ट्रिब्यूट की जमकर सराहना कर रहे हैं.