scorecardresearch
 

आंखों में आंसू, पैरों में वही जादू... लियोनेल मेसी ने जीत के साथ ली इंटरनेशनल फुटबॉल से विदाई

लियोनेल मेसी का इंटरनेशनल करियर जिस अंदाज में शुरू हुआ था, उससे बिल्कुल अलग अंदाज में खत्म हुआ. 2005 में डेब्यू मैच में रेड कार्ड पाने वाला खिलाड़ी 21 साल बाद अर्जेंटीना के लिए आखिरी मैच में गोल और असिस्ट करके विदा हुआ.

Advertisement
X
मेसी का विदाई मैच, आंखों से छलके आंसू (Photo: Reuters)
मेसी का विदाई मैच, आंखों से छलके आंसू (Photo: Reuters)

महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपने 21 साल लंबे इंटरनेशनल करियर का शानदार अंदाज में अंत किया. ब्यूनस आयर्स में मंगलवार (6 अक्टूबर) रात बेनिन के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना ने 3-0 से जीत दर्ज की. मेसी ने भी अपने आखिरी मैच को गोल और असिस्ट के साथ यादगार बना दिया.

लियोनेल मेसी ने मुकाबले के 71वें मिनट में पेनल्टी को गोल में तब्दील किया और एक गोल में असिस्ट भी किया. यानी अर्जेंटीना की जर्सी में अपने आखिरी मैच में भी उन्होंने वही किया, जिसके लिए वह पूरी दुनिया में पहचाने जाते हैं - गोल करना और टीम के लिए मौके बनाना. मेसी इस मैच में कुछ मौके पर भावुक भी हुए. अर्जेंटीना का जब राष्ट्रगान चल रहा था, तो मेसी की आंखों में आंसू थे. वहीं स्टेडियम के लिए रवाना होते समय भी मेसी को आंसू पोंछते देखा गया था.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by CONMEBOL (@conmebol)

लियोनेल मेसी ने 17 अगस्त 2005 को अर्जेंटीना के लिए अपना पहला मैच खेला था. हंगरी के खिलाफ उस मुकाबले में उनका इंटरनेशनल डेब्यू बेहद नाटकीय रहा. मैदान पर उतरने के सिर्फ 90 सेकंड बाद ही उन्हें रेड कार्ड दिखा दिया गया था. उस खराब शुरुआत के बाद मेसी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और गोलों की झड़ी लगा दी. उन्होंने 207 मैचों के बाद नेशनल टीम को अलविदा कहा और उनके नाम 126 गोल दर्ज हैं.

Advertisement

मेसी के नाम कई ऐतिहासिक उपलब्धियां
मेन्स फुटबॉल में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल गोल के मामले में लियोनेल मेसी सिर्फ क्रिस्टियानो रोनाल्डो से पीछे रहे. रोनाल्डो के नाम 146 गोल हैं. मेसी के अंतरराष्ट्रीय करियर की एक और बड़ी उपलब्धि उनके असिस्ट रिकॉर्ड में दर्ज है. बेनिन के खिलाफ आखिरी मैच में एक असिस्ट जोड़ने के बाद उनके नाम कुल 66 असिस्ट हो गए. यह मेन्स इंटरनेशनल फुटबॉल में सबसे ज्यादा हैं.

39 साल के मेसी का करियर व्यक्तिगत रिकॉर्ड के साथ-साथ टीम की ऐतिहासिक सफलताओं से भी भरा रहा. उन्होंने अर्जेंटीना के साथ 2008 बीजिंग ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता. इसके बाद 2021 और 2024 में कोपा अमेरिका का खिताब अपने नाम किया. लेकिन उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि 2022 में आई, जब मेसी ने अर्जेंटीना को फीफा वर्ल्ड कप चैम्पियन बनाया. इसके अलावा उन्होंने 2022 में फाइनलिस्सिमा भी जीती.

2026 वर्ल्ड कप मेसी के इंटनरेशनल करियर का आखिरी बड़ा टूर्नामेंट रहा. अर्जेंटीना इस बार खिताब जीतने से चूक गया और रनर-अप रहा, लेकिन मेसी ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने टूर्नामेंट में 8 गोल करने के अलावा 4 असिस्ट दर्ज किए. वर्ल्ड कप के इतिहास में मेसी के नाम कुल 21 गोल रहे, जो उन्हें टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर रखता है. इस मामले में कीलियन एम्बाप्पे उनसे आगे हैं. मेसी ने क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ छह वर्ल्ड कप में हिस्सा लेकर भी इतिहास रचा.

Advertisement

अर्जेंटीना के लिए लियोनेल मेसी ने अपना पहला इंटरनेशनल गोल क्रोएशिया के खिलाफ फ्रेंडली मुकाबले में किया था. इसके बाद उन्होंने गोलों का ऐसा सिलसिला शुरू किया, जिसने उन्हें अर्जेंटीना का सर्वकालिक महान खिलाड़ी बना दिया. 2012 में स्विट्जरलैंड के खिलाफ उन्होंने पहली अंतरराष्ट्रीय हैट्रिक लगाई. इसके बाद मेसी ने 10 और हैट्रिक लगाईं और कुल 11 इंटरनेशनल हैट्रिक के साथ क्रिस्टियानो रोनाल्डो को पीछे छोड़ दिया.

मेन्स इंटरनेशनल फुटबॉल में सबसे ज्यादा गोल...

रैंक प्लेयर देश गोल मैच प्रति मैच गोल करियर की अवधि
1 क्रिस्टियानो रोनाल्डो पुर्तगाल 146 234 0.62 2003 से जारी
2 लियोनेल मेसी अर्जेंटीना 126 207 0.60 2005–2026
3 अली डेई ईरान 108 148 0.73 1993–2006
4 सुनील छेत्री भारत 95 157 0.61 2005–2025
5 रोमेलु लुकाकू बेल्जियम 94 135 0.70 2010 से जारी
6 रॉबर्ट लेवानडोव्स्की पोलैंड 92 170 0.54 2008 से जारी
7 हैरी केन इंग्लैंड 91 125 0.73 2015 से जारी
8 मोख्तार दहारी मलेशिया 89 142 0.63 1972–1985
9 अली मबखौत यूएई 85 115 0.74 2009–2024
10 फ्रेरेंक पुस्कास हंगरी 84 89 0.94 1945–1962

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement