scorecardresearch
 

वर्ल्ड कप के बीच ल‍ियोनेल मेसी पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता की गंभीर बीमारी पर परिवार की भावुक अपील

फीफा वर्ल्ड कप के दौरान अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी के परिवार ने उनके पिता जॉर्ज मेसी की सेहत को लेकर बयान जारी किया है. 68 वर्षीय जॉर्ज मेसी किसी गंभीर बीमारी का इलाज करा रहे हैं और मेडिकल निगरानी में हैं. परिवार ने उनकी मौत की अफवाहों का खंडन करते हुए मीडिया से जिम्मेदारी, संयम और मानवता दिखाने की अपील की है.

Advertisement
X
वर्ल्ड कप में चमके मेसी, घर में छाया संकट! पिता की तबीयत को लेकर परिवार ने तोड़ी चुप्पी (Photo: Reuters)
वर्ल्ड कप में चमके मेसी, घर में छाया संकट! पिता की तबीयत को लेकर परिवार ने तोड़ी चुप्पी (Photo: Reuters)

FIFA वर्ल्ड कप के बीच अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी के परिवार ने उनके पिता जॉर्ज मेसी की सेहत को लेकर बड़ा बयान जारी किया है. परिवार ने पुष्टि की है कि 68 वर्षीय जॉर्ज मेसी एक बीमारी का इलाज करा रहे हैं और फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में हैं. हालांकि परिवार ने बीमारी के बारे में कोई जानकारी शेयर नहीं की है.

मेसी परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि जॉर्ज मेसी इस समय स्वास्थ्य संबंधी चुनौती का सामना कर रहे हैं. वह मेडिकल ऑब्जर्वेशन में हैं, इलाज चल रहा है और उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है. परिवार ने भरोसा जताया कि वह मौजूदा स्थिति में पॉज‍िट‍िव प्रोग्रेस है. 

यह बयान ऐसे समय में आया है जब अर्जेंटीना में जॉर्ज मेसी के निधन की अफवाहें तेजी से फैलने लगी थीं. इन खबरों के बाद मेसी परिवार को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी. परिवार ने मीडिया और आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में जिम्मेदारी, संयम और इंसानियत दिखाना बेहद जरूरी है.

बयान में कहा गया कि किसी व्यक्ति की सेहत और उसके परिवार की मानसिक शांति को अटकलों या गैर-जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए. परिवार ने साफ किया कि जॉर्ज मेसी की सेहत से जुड़ा कोई भी नया अपडेट आधिकारिक तौर पर परिवार की ओर से ही शेयर किया जाएगा.

Advertisement

इससे पहले अर्जेंटीना ने अपने पहले वर्ल्ड कप मुकाबले में अल्जीरिया को 3-0 से हराया था. मैच के बाद लियोनेल मेसी ने स्वीकार किया था कि वह निजी जिंदगी में एक कठिन दौर से गुजर रहे हैं. हालांकि उन्होंने उस समय अपनी परेशानी की वजह का खुलासा नहीं किया था. अब परिवार के बयान के बाद यह साफ हो गया है कि मेसी अपने पिता की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति को लेकर चिंतित हैं.

वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के बीच मेसी मैदान पर अपनी टीम की अगुआई कर रहे हैं, जबकि दूसरी ओर उनका परिवार इस मुश्किल समय से गुजर रहा है. ऐसे में मेसी परिवार ने अफवाहों पर भरोसा न करने और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करने की अपील की है.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement