जर्मनी में सोमवार रात एक BMW कार भीड़ में घुस गई. इस घटना में 4 से 5 लोग घायल हुए हैं. हादसा उत्तरी जर्मनी के नॉयश्टाट आम रूबेनबर्गे शहर में हुआ, जो हनोवर के पास है. पुलिस ने कार को रोकने के लिए गोली चलाई, लेकिन उसमें सवार लोग मौके से पैदल भाग गए. मंगलवार को हादसे की जानकारी सामने आई है.
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है. उनकी चोटें मामूली से लेकर गंभीर तक बताई गई हैं, लेकिन किसी की हालत जानलेवा नहीं थी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल संदिग्धों की संख्या और उनकी पहचान का पता नहीं चला है.
ट्रैफिक जांच कर रही पुलिस ने देखी घटना
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के पास एक पुलिस गश्ती दल नियमित ट्रैफिक जांच कर रहा था. इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने BMW को लोगों के समूह में घुसते देखा और उसे रोकने के लिए कार्रवाई की. पुलिस अधिकारियों ने कार पर गोली चलाई, लेकिन उसके सवार भागने में कामयाब रहे. वे पैदल ही मौके से फरार हो गए और BMW वहीं छोड़ दी. पुलिस ने घटना के बाद इलाके को घेर लिया.
घटना के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया. इसमें कई पुलिसकर्मियों को लगाया गया. संदिग्धों को खोजने के लिए हेलिकॉप्टर की भी मदद ली गई. पुलिस डॉग को भी तलाशी अभियान में शामिल किया गया. जांच के लिए घटनास्थल को कई घंटों तक घेरकर रखा गया. इस दौरान पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए. हालांकि अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
शुरुआती जानकारी में परिचित होने की बात
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शुरुआती जानकारी से संकेत मिला है कि घटना में शामिल लोग एक-दूसरे को जानते थे. पुलिस ने घटना के पीछे की वजह भी नहीं बताई है. अभी यह साफ नहीं है कि कार में कितने लोग सवार थे और घटना में कितने संदिग्ध शामिल थे. जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र के बीड में भीषण सड़क हादसा, बस-कार की टक्कर में 5 लोगों की मौत
दूसरी गाड़ियों को भी पहुंचा नुकसान
जर्मनी के अखबार बिल्ड ने बताया कि घटना के दौरान दूसरी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा. इनमें एक वाहन की पीछे वाली खिड़की टूटने की जानकारी भी दी गई. हालांकि, यह साफ नहीं है कि दूसरी गाड़ियों को हुआ पूरा नुकसान इसी घटना से जुड़ा था या नहीं. पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.