scorecardresearch
 

World Cup का सबसे बड़ा स्टार... न गोल किया, न मैच खेला- 3 साल के बच्चे ने जीत लिया पूरी दुनिया का दिल

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन की जीत के बाद सबसे ज्यादा चर्चा किसी स्टार फुटबॉलर की नहीं, बल्कि लामिन यामाल के 3 साल के छोटे भाई कीने की हो रही है. मैदान पर भाई की ओर दौड़कर गले लगाना, ट्रॉफी के साथ खेलना, खिलाड़ियों के बीच मस्ती करना और मजेदार एक्सप्रेशन देना... इन वीडियो ने सोशल मीडिया पर करोड़ों लोगों का दिल जीत लिया.

Advertisement
X
लामिन यामाल के सौतेला भाई कीने ( Keyne)
लामिन यामाल के सौतेला भाई कीने ( Keyne)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन चैम्पियन बना. लामिन यामाल हीरो बने... लेकिन टूर्नामेंट खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा जिस चेहरे की चर्चा हो रही है, उसने न एक भी गोल किया, न एक मिनट मैदान पर फुटबॉल खेली. वह है सिर्फ 3 साल का कीने, जिसने अपनी मासूमियत, शरारतों और बड़े भाई के लिए बेशुमार प्यार से करोड़ों लोगों का दिल जीत लिया.

विश्व फुटबॉल में यह शायद पहली बार हुआ कि किसी खिलाड़ी का परिवार भी टूर्नामेंट का सुपरस्टार बन गया. स्पेन के युवा स्टार लामिन यामाल का तीन साल का सौतेला भाई कीने आज सोशल मीडिया पर उतना ही लोकप्रिय है, जितना कोई स्टार फुटबॉलर.

पूरा टूर्नामेंट जैसे-जैसे आगे बढ़ा, कैमरे बार-बार इस छोटे बच्चे पर ठहरते रहे. कभी वह स्टैंड्स में 'वामोस' चिल्लाता दिखा, कभी मैदान में दौड़ता नजर आया, कभी ट्रॉफी के पास बैठकर उसे खिलौने की तरह छूता रहा और कभी खिलाड़ियों के बीच ऐसी मासूम हरकतें करता दिखा कि करोड़ों लोग मुस्कुरा उठे.

भाई को देखा... और दौड़ पड़ा

स्पेन के विश्व चैम्पियन बनने के बाद सबसे भावुक पल तब आया, जब कीने मैदान में अपने बड़े भाई लामिन यामाल को देखते ही पूरी ताकत से उनकी ओर दौड़ पड़ा. यामाल भी उसे गोद में उठाकर देर तक सीने से लगाए रहे. यह वीडियो देखते ही देखते दुनिया भर में वायरल हो गया. हजारों लोगों ने लिखा- यही वर्ल्ड कप की सबसे खूबसूरत तस्वीर है.

Advertisement

ट्रॉफी उसके लिए सिर्फ एक खिलौना थी

जहां पूरी दुनिया विश्व कप ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाने को बेताब थी, वहीं कीने उसे एक बच्चे की तरह जिज्ञासा से देख रहा था. कभी हाथ लगाता, कभी फुटबॉल से खेलता, कभी अजीब चेहरे बनाता. लोगों ने कहा- जिस ट्रॉफी के लिए दुनिया लड़ती है, वह इस बच्चे के लिए बस खेलने की चीज है.

नीको विलियम्स से डर गया

एक और वीडियो ने इंटरनेट पर खूब हंसी बटोरी. स्पेन के स्टार विंगर निको विलियम्स जैसे ही उसके पास पहुंचे, उनकी ड्रेडलॉक हेयरस्टाइल देखकर कीने घबरा गया और पीछे हट गया. खिलाड़ी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए. यह क्लिप लाखों बार देखी गई.

'तुम्हें कप चाहिए?'

सेलिब्रेशन के दौरान यामाल ने मजाक में पूछा- 'क्या तुम्हें ट्रॉफी चाहिए?'

कीने ने बिना एक पल गंवाए जवाब दिया- 'नहीं.'

यामाल हंस पड़े और बोले- 'यहां सिर्फ यही एक इंसान है जिसे कप नहीं चाहिए.' यह छोटा-सा संवाद भी सोशल मीडिया पर छा गया.

हर जगह बस कीने

मैदान हो, ड्रेसिंग रूम हो, स्टेडियम हो या घर... कीने जहां भी नजर आया, वहीं कैमरे घूम गए. उसके डांस, खिलखिलाहट, खिलौना कार चलाने, बार्सिलोना के  मैस्कॉट के साथ खेलने और भाई की जर्सी पहनकर उछलने वाले वीडियो करोड़ों बार देखे जा चुके हैं.

Advertisement

यहां तक कि एक मीम वायरल हो गया, जिसमें लिखा था- कीने इसलिए इतना खुश है क्योंकि उसे पता है कि बड़ा भाई पूरी जिंदगी उसके सारे खर्च उठाएगा.

क्यों जुड़ गई दुनिया?

लामिने यामल की कहानी सिर्फ फुटबॉल की नहीं, संघर्ष की भी है. साधारण परिवार से निकलकर विश्व चैम्पियन बनने वाले यामाल कई बार कह चुके हैं कि कीने उनके लिए छोटे भाई से बढ़कर बेटे जैसा है. उन्होंने कहा था कि परिवार की खुशियां देखकर उन्हें सबसे ज्यादा सुकून मिलता है.

शायद यही वजह है कि इस वर्ल्ड कप में लोगों ने सिर्फ गोल और ट्रॉफी नहीं, बल्कि एक भाई का प्यार भी याद रखा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement