एशियन क्रिकेट काउंसिल जल्द ही महिला एशिया कप 2026 के लिए शेड्यूल और वेन्यू की घोषणा कर सकती है. टूर्नामेंट का छठा सीजन 28 अगस्त से 13 सितंबर के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित किया जा सकता है.
हालांकि, ACC ने अभी तक फाइनल शेड्यूल और वेन्यू का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन सभी आठ देशों को प्रस्तावित विंडो की जानकारी भेज दी गई है. क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक एसीसी ने 22 जुलाई को ही इसमें हिस्सा लेने वाली क्रिकेट बोर्ड्स को ईमेल भेजकर 28 अगस्त से 13 सितंबर की विंडो खाली रखने का आग्रह किया है.
टीमों को 27 अगस्त तक यूएई पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार, 13 सितंबर को खेले जाने की संभावना है. फिलहाल पीसीबी अध्यक्ष और एसीसी प्रमुख मोहसिन नकवी की ओर से अंतिम मंजूरी का इंतजार है.
टूर्नामेंट में 8 टीमें ले रही हैं हिस्सा
हर बार की तरह इस बार भी एशिया कप में 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं. डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका के अलावा भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, मलेशिया, थाईलैंड और मेजबान यूएई मैदान में उतरेंगे. सभी क्रिकेट बोर्ड अब एसीसी की ओर से आधिकारिक यात्रा कार्यक्रम जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं.
बीसीसीआई से हुई थी बड़ी गलती
इसी असमंजस के बीच, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 2 अगस्त को सोशल मीडिया पर गलती से भारत की टीम का ऐलान कर दिया था. जिसे बाद में तुरंत हटा लिया गया. लीक हुई टीम में शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फूलमाली और ऋचा घोष जैसे प्रमुख नाम शामिल थे.
ये भी पढ़ें- 'भाई मैं आपको पर्सनली मैसेज करके सॉरी कहूंगा', अर्शदीप सिंह ने रविचंद्रन अश्विन से आखिर क्यों मांगी माफी?
एशियन गेम्स पर भी होगी फैन्स की नजरें
इस टूर्नामेंट के ठीक बाद जापान के नागोया में एशियन गेम्स 2026 का आयोजन किया जाना है. 17 से 24 सितंबर के बीच होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम हिस्सा लेती हुईं नजर आएंगी. यदि एशिया कप का फाइनल 13 सितंबर को होता है तो फाइनल खेलने वाली टीमों के पास यूएई से जापान की यात्रा कर वहां के माहौल में खुद को ढालने के लिए सिर्फ 4 दिन का समय रहेगा.