भारत और अफगानिस्तान के बीच फिलहाल तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है. आईपीएल 2026 फाइनल के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण विराट कोहली इस सीरीज से बाहर हैं और उनकी जगह युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया.
हालांकि, टीम में चयन के बावजूद उनकी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बन रही है क्योंकि वे मुख्य रूप से ओपनिंग बल्लेबाज हैं. इस बीच भारत के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने जायसवाल के वनडे करियर को लेकर बड़ा बयान दिया है. सहवाग का मानना है कि फिलहाल शीर्ष क्रम में जगह खाली नहीं है, लेकिन भविष्य में रोहित शर्मा के संन्यास के बाद जायसवाल भारतीय वनडे टीम का नियमित हिस्सा बन सकते हैं.
सहवाग ने कहा, 'अभी टीम में जगह बनाना आसान नहीं है. शुभमन गिल कप्तान हैं और रोहित शर्मा भी खेल रहे हैं. लेकिन जैसे ही रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट से संन्यास लेंगे, आप जायसवाल को लगातार वनडे और व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेलते देखेंगे. ऋतुराज गायकवाड़ उनके लिए चुनौती पेश कर सकते हैं, लेकिन अगर टीम तीन ओपनर चुनती है तो जायसवाल निश्चित रूप से उनमें शामिल होंगे.'
यशस्वी ने कितने ODI मैच खेले हैं?
गौरतलब है कि यशस्वी जयसवाल ने अब तक अपने वनडे इंटरनेशनल करियर में केवल 4 मैच खेले हैं. उन्होंने अपने आखिरी वनडे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम में शानदार शतक जड़ा था.
सहवाग ने जायसवाल का बचाव करते हुए कहा, 'उन्हें अब तक तभी मौके मिले हैं जब टीम के किसी नियमित खिलाड़ी की अनुपस्थिति रही है. उन्होंने कहा, 'ऐसा नहीं है कि जायसवाल को मौका मिला और उन्होंने प्रदर्शन नहीं किया. जब भी उन्हें खेलने का अवसर मिला, उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया. उन्हें खराब प्रदर्शन के कारण बाहर नहीं किया गया, बल्कि टीम संयोजन की वजह से मौके सीमित रहे.'
हालांकि हालिया समय में जायसवाल का फॉर्म कुछ खास नहीं रहा है. उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में 32 गेंदों पर 24 रन बनाए थे. वहीं आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 16 मैचों में 427 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 30.50 और स्ट्राइक रेट 152.50 रहा. उन्होंने तीन अर्धशतक लगाए, जिसमें नाबाद 77 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रही.