scorecardresearch
 

वृंदावन में नंगे पैर चले व‍िराट कोहली-अनुष्का शर्मा, प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद... हाथ में द‍िखा कौन सा ग्रंथ, VIDEO

आईपीएल खिताब जीतने के बाद विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे, जहां दोनों ने राधा केलि कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया. नंगे पैर पहुंचे इस दंपति का सादा और आध्यात्मिक अंदाज चर्चा में रहा. इस दौरान विराट के हाथ में दिखे धार्मिक ग्रंथ ने भी सोशल मीडिया पर उत्सुकता बढ़ा दी.

Advertisement
X
प्रेमानंद महाराज से मिले विराट-अनुष्का, राधा केलि कुंज आश्रम में लिया आध्यात्मिक मार्गदर्शन  (Photo: ITG)
प्रेमानंद महाराज से मिले विराट-अनुष्का, राधा केलि कुंज आश्रम में लिया आध्यात्मिक मार्गदर्शन (Photo: ITG)

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी, बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा अपनी आध्यात्मिक यात्रा को लेकर चर्चा में रहे. आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के कुछ ही दिनों बाद यह दंपति मंगलवार को वृंदावन पहुंचा, जहां उन्होंने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया.

विराट और अनुष्का ने वृंदावन स्थित राधा केलि कुंज आश्रम में पहुंचकर प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए. दोनों ने आश्रम में कुछ समय बिताया और संत से आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त किया.

उनकी मौजूदगी से आश्रम परिसर में खास उत्साह देखने को मिला. श्रद्धालुओं और भक्तों ने दोनों की एक झलक पाने के लिए काफी इंतजार किया.

इस दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों और वीडियो में विराट कोहली के हाथ में एक धार्मिक ग्रंथ भी नजर आया. हालांकि यह ग्रंथ कौन-सा था, इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है. दावा किया गया कि यह श्री वृन्दावन महिमामृतम् ग्रंथ है. 

कोहली और अनुष्का का द‍िखा सादा लुक 
इस दौरान कोहली और अनुष्का का सादा और पारंपरिक अंदाज भी लोगों का ध्यान खींचता रहा. विराट ब्राउन रंग के शॉर्ट कुर्ते और ऑफ-व्हाइट पैंट में नजर आए, जबकि अनुष्का ने हल्के गुलाबी रंग का पारंपरिक कुर्ता पहना था. इसके साथ उन्होंने गहरे गुलाबी रंग का दुपट्टा ओढ़ रखा था. सफेद फेस मास्क और माथे पर तिलक के साथ उनका सादा लुक सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है. वहीं इस दौरान ज वह प्रेमानंद महाराज से मिलने के बाद कोहली और अनुष्का खाली पैर चलते हुए नजर आए, उनकी यह सादगी भी काफी पसंद आई. 

Advertisement

यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का वृंदावन पहुंचे हों. दोनों पहले भी कई बार धार्मिक स्थलों और संतों के दर्शन करते रहे हैं. आध्यात्मिक गतिविधियों में उनकी रुचि अक्सर देखने को मिलती है और खास मौकों पर यह जोड़ी धार्मिक यात्राएं करती रही है.

कोहली का आईपीएल 2026 में रहा भौकाली प्रदर्शन 
मैदान पर भी विराट कोहली का प्रदर्शन शानदार रहा है. आईपीएल 2026 के फाइनल में उन्होंने 42 गेंदों पर 75 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. पूरे सीजन में विराट ने 16 मैचों में 675 रन बनाए. उनका एवरेज 56.25 और स्ट्राइक रेट 165.84 रहा, जिससे वह टूर्नामेंट के चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने.

अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ विराट ने सिर्फ 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो आईपीएल करियर का उनका सबसे तेज अर्धशतक भी रहा. 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने वेंकटेश अय्यर के साथ पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े. अय्यर ने 32 रन बनाए, जबकि विराट अंत तक नाबाद रहे और विजयी छक्का लगाकर टीम को 18 ओवर में 161/5 तक पहुंचा दिया.

इससे पहले आरसीबी के गेंदबाजों ने गुजरात टाइटन्स को 20 ओवर में 155/8 के स्कोर पर रोक दिया था. वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 50 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. खिताबी जीत के बाद अब विराट कोहली का वृंदावन दौरा और प्रेमानंद महाराज से मुलाकात चर्चा का विषय बना हुआ है.

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement