scorecardresearch
 

31 पर 4 व‍िकेट, विराट कोहली का बैकफुट स‍िक्स... और पाकिस्तान हो गया भारत के सामने ढेर

मेलबर्न में खेला गया वो मुकाबला भारत-पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता के कारण यादगार नहीं बना. मुश्किल हालात में विराट कोहली की बल्लेबाजी, आखिरी ओवर का रोमांच और अश्विन का शांत दिमाग इस मैच को खास बना गया. मेलबर्न में उस रात भारत ने दिखाया कि क्रिकेट में आखिरी गेंद फेंके जाने तक मुकाबला खत्म नहीं होता.

Advertisement
X
कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में खेली थी यादगार पारी. (Photo: AFP/Getty Images)
कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में खेली थी यादगार पारी. (Photo: AFP/Getty Images)

23 अक्टूबर 2022. मेलबर्न का ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड. सामने पाकिस्तानी टीम और लक्ष्य 160 रन. टीम इंडिया ने इस टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में 31 रनों के स्कोर तक चार विकेट गंवा दिए थे, लेकिन विराट कोहली ने हार मानने से इनकार कर दिया. कोहली ने हार्दिक पंड्या (40 रन) के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की.

इस शानदार साझेदारी के दौरान एक समय मैच फंस हुआ था क्योंकि आखिरी आठ गेंदों में 28 रनों की जरूरत थी. फिर विराट कोहली ने ऐसे दो छक्के जड़े, जिन्होंने मैच का पूरा रुख बदल दिया. आखिर में रविचंद्रन अश्विन ने विजयी शॉट लगाकर इस मुकाबले को टी20 वर्ल्ड कप के सबसे यादगार मैचों में शामिल करा दिया.

कोहली के वो 2 यादगार शॉट
उस मैच का सेकंड लास्ट ओवर तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने डाला था. विराट कोहली ने उस ओवर में हारिस की पांचवीं पर बैकफुट पर जाकर सामने की ओर ऐसा छक्का लगाया, जिसने मैदान में मौजूद दर्शकों को हैरान कर दिया. अगली गेंद पर उन्होंने फाइन लेग के ऊपर से एक और छक्का जड़ दिया. दो गेंदों में 12 रन आए और भारत की उम्मीदें फिर जिंदा हो गईं.

आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे. मोहम्मद नवाज के उस ओवर की पहली गेंद पर हार्दिक पंड्या आउट हो गए. इसके बाद अगली दो गेंदों पर कुल मिलाकर तीन रन आए. फिर अगली गेंद ऊंचाई के कारण नो-बॉल रही, जिसे विराट कोहली ने छक्के के लिए भेज दिया. कोहली फ्री-हिट गेंद बोल्ड हो गए, लेकिन बॉल स्टम्प से टकराकर थर्ड मैन की ओर गई और भारतीय बल्लेबाजों ने तीन रन दौड़कर पूरे किए.

Advertisement

इसके बाद 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर दिनेश कार्तिक बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में स्टम्प आउट हो गए. भारत को अब जीत के लिए दो रन चाहिए थे और क्रीज पर रविचंद्रन अश्विन आए. मोहम्मद नवाज की अगली गेंद लेग स्टम्प के बाहर पिच हुई, जिसे अंपायर ने वाइड करार दिया. इससे भारत का स्कोर बराबर हो गया.

अब जीत के लिए सिर्फ एक रन बाकी था. रविचंद्रन अश्विन ने दबाव में संयम बनाए रखा और आखिरी गेंद को फील्डर्स के ऊपर से खेलकर भारत को 4 विकेट से यादगार जीत दिला दी.

विराट कोहली ने 53 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए. उनकी पारी में छह चौके और चार छक्के शामिल रहे. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement